छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने शुक्रवार को भिलाई टाउनशिप के कई गणेश पंडालों का दौरा किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने शुक्रवार को भिलाई टाउनशिप के कई गणेश पंडालों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने तारा कोल ब्लॉक की नीलामी को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए।उन्होंने कहा कि, सरकार इस मामले में जनता के बीच भ्रम की स्थिति पैदा कर रही है।

कांग्रेस सरकार के समय हसदेव अरण्य क्षेत्र के कई कोल ब्लॉकों को नीलामी से बाहर रखने की प्रक्रिया की गई थी। सीएम साय के 11 दिसंबर 2025 के पत्र का हवाला देते हुए कहा कि, इसी पत्र के बाद तारा कोल ब्लॉक को दोबारा नीलामी प्रक्रिया में शामिल करने की कार्रवाई आगे बढ़ी।

बघेल ने कहा कि, उनके पास भी इस मामले से जुड़े दस्तावेज हैं और मुख्यमंत्री के पास भी पत्र हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि मीडिया के सामने दोनों पक्ष दस्तावेज रखें और आमने-सामने चर्चा करें। उन्होंने कहा कि आरोप-प्रत्यारोप के बजाय इस मामले में खुली बहस होनी चाहिए।

चुनाव अभी दूर, सीएम पद की दावेदारी पर चर्चा जल्दबाजी

कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद के लिए चार दावेदार होने संबंधी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर भी भूपेश बघेल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अभी चुनाव काफी दूर है। ऐसे में मुख्यमंत्री पद की दावेदारी को लेकर अभी से चर्चा करना जल्दबाजी होगी।

लोकल ट्रेन बंद होने से मजदूरों को परेशानी

भिलाई और आसपास के इलाकों में लोकल ट्रेन सेवा से रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों की समस्या का मुद्दा भी बघेल ने उठाया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में मजदूर और अन्य लोग रोज ट्रेन से रायपुर, भिलाई और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन करते हैं। लोकल ट्रेन सेवा बंद होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बघेल ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में डीआरएम को आवेदन देकर लोकल ट्रेन सेवा दोबारा शुरू करने की मांग की है। उनका कहना है कि रोजाना काम पर आने-जाने वाले लोगों के लिए लोकल ट्रेन आवागमन का महत्वपूर्ण साधन है।

रेलवे के मुद्दों पर प्रदर्शन की चेतावनी

बघेल ने कहा कि, यदि रेलवे से जुड़े मुद्दों और स्थानीय स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव को लेकर समाधान नहीं हुआ तो प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रेल मंत्री के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान रेलवे से जुड़े स्थानीय मुद्दों को उठाया जाएगा।

भूपेश बघेल ने कहा कि आम यात्रियों की सुविधा से जुड़े इन मुद्दों पर रेलवे को गंभीरता से निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने लोकल ट्रेन सेवा और स्टेशनों पर ठहराव बहाल करने की मांग को लेकर आगे भी आवाज उठाने की बात कही।

Exit mobile version