कोरबा जिले के वनांचल ग्राम जमनीमुड़ा में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesकोरबा जिले के वनांचल ग्राम जमनीमुड़ा में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव उसके ही घर में मिला। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले।

के से ईंट के टुकड़े भी बरामद हुए हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका से भी जांच कर रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।मामला पाली थाना क्षेत्र के ग्राम जमनीमुड़ा का है। यहां सहदेव राम चौहान अपनी पत्नी अगहन कुंवर चौहान के साथ रहता था। बताया गया कि बुधवार रात दोनों घर में थे। शुक्रवार सुबह सहदेव की नींद खुली तो उसने पत्नी को मृत अवस्था में पाया। उसके सिर से खून बह रहा था। इसके बाद सहदेव ने गांव के लोगों को घटना की जानकारी दी। खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

सिर पर चोट के निशान, ईंट के टुकड़े जब्त

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी मनीष कौशिक पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने घर का बारीकी से निरीक्षण किया। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले। आशंका जताई जा रही है कि ईंट या किसी भारी वस्तु से वार किया गया होगा। घटनास्थल से मिले ईंट के टुकड़ों को पुलिस ने साक्ष्य के रूप में जब्त किया है।

डॉग स्क्वायड को नहीं मिला खास सुराग

मामले की संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड टीम को भी बुलाया। टीम ने घटनास्थल पर जांच की, लेकिन घटना के बाद घर में लोगों की लगातार आवाजाही के कारण कोई खास सुराग नहीं मिल सका।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी मनीष कौशिक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version