एलांयस एयर जल्द ही रायपुर-अंबिकापुर-वाराणसी के लिए फ्लाइट शुरू करने जा रही है। इसके लिए डीजीसीए को फ्लाइंग शेड्यूल भेजा गया है। वाराणसी के लिए हवाई सेवा सप्ताह में दो दिन के लिए रहेगी। वहीं एक दिन रायपुर से अंबिकापुर होकर रांची या पटना के लिए भी फ्लाइट शुरू हो सकती है।
एलांयर एयर ने बिलासपुर-अंबिकापुर-दिल्ली एवं कोलकाता की हवाई सेवा शुरू की थी। यात्रियों की कमी के कारण कोलकाता फ्लाइट बंद कर दी गई है। विंटर शेड्यूल में दिल्ली फ्लाइट को भी सप्ताह में दो दिन के बजाय एक दिन करने की तैयारी है। लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने सीएम से मांग रखी है कि दिल्ली फ्लाइट को कम करने के बजाय सप्ताह में चार दिन चलाया जाना चाहिए।
सरगुजा में उड़ान योजना की फ्लाइट बंद होने के बाद पांच माह पूर्व एलायंस एयर ने बिलासपुर से अंबिकापुर होते हुए दिल्ली एवं कोलकाता की फ्लाइट सेवा शुरू की थी। इनमें से यात्रियों की कमी के कारण कोलकाता फ्लाइट बंद कर दी गई है। वर्तमान में दिल्ली के लिए बिलासपुर-अंबिकापुर-दिल्ली की हवाई सेवा सप्ताह में दो दिन सोमवार व बुधवार को संचालित की जा रही है।
जल्द शुरू होगी वाराणसी की हवाई सेवा
कोलकाता फ्लाइट बंद होने के बाद रायपुर से अंबिकापुर होकर वाराणसी के लिए हवाई सेवा शुरू करने की कोशिश की जा रही थी। इस रूट पर फ्लाइट के लिए अच्छी संभावनाएं हैं। रायपुर या अंबिकापुर से वाराणसी पहुंचने के लिए वर्तमान में कोई भी सीधी रेल सेवा उपलब्ध नहीं है और लोग सड़क मार्ग पर ही निर्भर हैं।
बताया गया है कि एलायंस एयर ने रायपुर-अंबिकापुर-वाराणसी के लिए हवाई सेवा शुरू करने के लिए विंटर शेड्यूल डीजीसीए को सौंपा है। यह हवाई सेवा सप्ताह में दो दिन उपलब्ध रहेगी। इसके अलावे एक दिन रायपुर से अंबिकापुर होकर रांची या पटना के लिए भी हवाई सेवा शुरू करने की तैयारी है।
एलायंस एयर ने अपने बुकिंग वेबसाइट में अंबिकापुर-रायपुर की सेवा का रूट शेड्यूल कर दिया है। हालांकि इसमें अभी वाराणसी या पटना, रांची नहीं जोड़ी गई है। विंटर शेड्यूल को मंजूरी मिलने के बाद यह शेड्यूल लिस्ट की जाएगी।