छत्तीसगढ़ में राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम और विधायक तुलेश्वर मरकाम का फोन हैक हुआ

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम और विधायक तुलेश्वर मरकाम का फोन हैक हुआ है। बुधवार को फूलो देवी नेताम के वॉट्सऐप नंबर से साइबर ठगों ने परिचितों को मैसेज कर पैसे मांगे। हैकर ने 65 हजार की मांग की और अगले 2 घंटे में लौटाने की बात कही।

सांसद ने खुद सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि उनके नंबर से आने वाले किसी भी मैसेज, कॉल, लिंक या पैसे मांगने वाले मैसेज पर भरोसा न करें।

वहीं, कोरबा के पाली-तानाखार विधायक और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम को भी साइबर ठगों ने निशाना बनाया है। उनके वॉट्सऐप नंबर से परिचितों, कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों को पैसे मांगने वाले मैसेज भेजे जा रहे हैं। मैसेज में 76 हजार रुपए की अर्जेंट जरूरत बताई जा रही है। फिलहाल, पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

केस 1 – सांसद फूलो देवी नेताम का वॉट्सऐप हैक

साइबर ठगों ने सांसद फूलो देवी नेताम को टारगेट बनाया है। ठग वॉट्सऐप अकाउंट हैक कर परिचितों से पैसों की डिमांड कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि हैक किए गए वॉट्सऐप अकाउंट से छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की सोशल मीडिया प्रभारी उषा संतोष राठौर को मैसेज भेजा गया।

इसमें उनसे 65 हजार रुपए भेजने के लिए कहा गया था। उषा राठौर ने तुरंत इसकी जानकारी सांसद फूलो देवी नेताम को दी।

निजी जानकारी शेयर न करने की अपील

फूलो देवी नेताम ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि उनका वॉट्सऐप अकाउंट हैक हो गया है। उन्होंने साथियों, शुभचिंतकों और परिचितों से कहा है कि उनके वॉट्सऐप नंबर से आने वाले किसी भी मैसेज, कॉल या पैसे से जुड़े अनुरोध पर भरोसा न करें।

उन्होंने लोगों से निजी जानकारी साझा न करने की भी अपील की है। सांसद ने बताया कि अकाउंट को सुरक्षित करने की प्रक्रिया चल रही है।

केस 2 – विधायक के परिचितों से मांगे जा रहे पैसे

पाली-तानाखार विधानसभा से गोंगपा विधायक तुलेश्वर मरकाम के पास पार्सल से जुड़ा वाट्सऐप कॉल आया था। इस पर बातचीत के कुछ देर बाद उनका वाट्सऐप हैक हो गया। इनमें मैसेज भेजकर 76 हजार रुपए मांगे जा रहे थे।

कई लोगों को लगा कि विधायक को वास्तव में पैसों की जरूरत है। वहीं, कुछ जागरूक लोगों ने विधायक को सीधे फोन कर इसकी जानकारी दी। इसके बाद पता चला कि उनका वॉट्सऐप हैक हो चुका है और उनके नंबर से फर्जी मैसेज भेजे जा रहे हैं।

Exit mobile version