
मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ रेप केस और जबरन घर में कैद करने के मामले में FIR दर्ज की है। महिला की शिकायत के अनुसार, उसका पति ‘गे डेटिंग ऐप’ के जरिए मिले अपने दोस्त को घर ले आया, जिसके बाद दोनों ने मिलकर उसके साथ रेप किया
जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर की रहने वाली 25 वर्षीय पीड़िता खुशी (बदला हुआ नाम) की शादी 4 साल पहले अंबिकापुर निवासी गुरविंदर (बदला हुआ नाम) के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद महिला को पता चला कि उसका पति ‘गे’ है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि, करीब 6 महीने पहले उसका पति काम के सिलसिले में राजस्थान गया था। वहां रहने के दौरान वह गे डेटिंग ऐप का इस्तेमाल करने लगा। इसी ऐप के माध्यम से उसकी दोस्ती अंबिकापुर के ही महिला थाना के पास रहने वाले एक युवक से हुई, जो उस वक्त राजस्थान में ही मौजूद था।
दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और करीब 3 महीने पहले पति उस युवक को अपने साथ अंबिकापुर स्थित घर ले आया। इसके बाद से दोनों घर में समलैंगिक पार्टनर की तरह साथ रहने लगे।
गे फ्रेंड ने किया रेप, नदी में फेंकने की धमकी
महिला का आरोप है कि, घर आने के बाद पति के उस समलैंगिक दोस्त ने उसके साथ जबरन रेप किया। यही नहीं, उसका पति पिछले तीन महीनों से लगातार उसके साथ अननेचुरल सेक्स करने दबाव बना रहा है।
जब महिला ने इसका कड़ा विरोध किया, तो पति ने उसे बेरहमी से प्रताड़ित किया और बात न मानने पर जान से मारकर नदी में फेंकने की सीधी धमकी दी।
डर के मारे दीदी के घर छुपी पीड़िता
इस भयानक मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से टूट चुकी पीड़िता अपनी जान बचाने के लिए डर के मारे छिपकर अपनी दीदी के घर रहने चली गई। लेकिन आरोपी पति वहां भी पहुंच गया और उसने धमकाते हुए कहा कि, अगर वह तुरंत घर वापस नहीं लौटी, तो वह उसे जान से मार डालेगा।
आखिरकार हिम्मत जुटाकर पीड़िता ने गांधीनगर थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रेप केस और जबरन घर में कैद करने की धारा लगाई है। 127(6)-BNS, 64(2)(l)-BNS धारा के तहत मामला दर्ज किया है।
FIR दर्ज, तलाश में जुटी पुलिस
गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि, पीड़िता की शिकायत पर पुलिस टीम ने शुरुआती जांच की है। मामले में शिकायत सही पाए जाने पर आरोपी पति गुरविंदर और उसके समलैंगिक दोस्त के खिलाफ केस कर लिया गया है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।