छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रविवार को दो अलग-अलग घटनाओं में 3 लोगों की मौत

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रविवार को दो अलग-अलग घटनाओं में 3 लोगों की मौत हो गई। पहली घटना भिलाई के वैशाली नगर इलाके की है, जहां पति-पत्नी अपने घर में मृत पाए गए। पहले कमरे में पत्नी का शव मिला, जबकि दूसरे कमरे में पति का शव नायलॉन की मोटी रस्सी से फांसी के फंदे पर लटका हुआ था।

दूसरा मामला धमधा क्षेत्र का है। यहां 23 साल के एक बेरोजगार युवक पेड़ पर फंदे से लटका मिला। युवक घर से बैग लेकर निकला और घरवालों से हैदराबाद जाने की बात कही। लेकिन कुछ घंटों बाद उसका शव धमधा स्थित मरचुरी से करीब आधा किलोमीटर दूर एक पेड़ पर लटका मिला।

पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है। दोनों ही मामलों में आर्थिक तंगी से सुसाइड की आशंका जताई गई है।

केस 1- घर में मृत मिले पति-पत्नी

भिलाई के वैशाली नगर थाना क्षेत्र के वृंदानगर कैंप-1 में जी वेंकटरमण मूर्ति (55) अपनी पत्नी जी विद्यावती (52) के साथ रहते थे। उनका एक लड़का भी है, जो ओडिशा में काम करता है। जी वेंकटरमण ऑटो चलाता था।

रविवार (14 जून) सुबह करीब 9 बजे वेंकटरमण मूर्ति की मां घर पहुंचीं। उन्होंने सामने वाले कमरे में बहू विद्यावती का शव देखा। इसके बाद अंदर के कमरे में बेटे वेंकटरमण मूर्ति का शव नायलॉन की रस्सी के फंदे से लटका मिला।

इसके बाद उसने अपने छोटे बेटे मदन राव को इस घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। मदन राव ने इसकी सूचना वैशाली नगर थाने में दी।

मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान यह सामने आया कि महिला विद्यावती के गले पर लिगेचर मार्क (फंदे का निशान) मिला है।

घटनास्थल से नहीं मिला सुसाइड नोट

भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस को एक मोबाइल फोन मिला है, जिसे अनलॉक कर उसकी जांच की जा रही है। पुलिस आर्थिक तंगी और घरेलू विवाद जैसे कई पहलुओं से भी मामले की जांच कर रही है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत मजबूत नहीं थी। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी जानकारी मिली है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।

पुलिस आसपास के लोगों और घरवालों से पूछताछ कर रही है। दंपती का एक बेटा ओडिशा में काम करता है, जिसे घटना की सूचना दे दी गई है। उसके आने के बाद भी कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।

Exit mobile version