
जानकारी के मुताबिक, ग्राम सिलमा में लगभग 6.30 एकड़ भूमि के नामांतरण और कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच पिछले कई वर्षों से राजस्व न्यायालय में विवाद चल रहा है। सिलमा निवासी होसराम पैकरा (60) और पथरई निवासी बजरंग पैकरा दोनों जमीन के मालिकाना हक का दावा कर रहे थे।
मृतक का परिवार इस मामले में न्याय की मांग को लेकर कलेक्टर, एसडीएम और तहसील कार्यालयों के चक्कर लगा रहा था। परिजनों का कहना है कि कुछ दिन पहले उन्होंने संभावित विवाद की आशंका को लेकर थाना बतौली में आवेदन भी दिया था।
दोनों पक्षों में मारपीट, फिर चढ़ाया ट्रैक्टर
रविवार को बजरंग पैकरा का परिवार जुताई और बुआई के लिए खेत पहुंचा था। इसकी जानकारी मिलने पर होसराम खेत पहुंचा। होशराम के साथ उनके परिवार के अन्य सदस्य भी खेत पहुंचे। आरोपी पक्ष के सात से आठ लोगों ने होशराम और परिवार के अन्य सदस्यों से मारपीट की।
इस मारपीट के बाद होशराम जमीन पर गिर गया तो आरोपी पक्ष के युवक ने उसपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। मृतक के शरीर पर चोट के काफी गंभीर निशान मिले हैं। घटना की सूचना पर सीतापुर एसडीओपी राजेंद्र मंडावी, बतौली थाना प्रभारी विवेक सेंगर सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
सभी आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने घटना के बाद सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पकड़े गए आरोपियों में भुवनेश्वर, बजरंग, उमेश, मनोज, रघुनंदन, बोधन, कमली और प्यारी शामिल हैं। ट्रैक्टर को उमेश चला रहा था। घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है।
बताया जा रहा है कि संबंधित भूमि मूल रूप से कामेश्वरी के नाम दर्ज थी। कामेश्वरी के निःसंतान होने और उनके भरण-पोषण का दायित्व धनेश्वरी द्वारा निभाए जाने के आधार पर भूमि का वसीयतनामा धनेश्वरी के पक्ष में किए जाने का दावा किया जा रहा है।
वहीं दूसरे पक्ष द्वारा भी भूमि पर अधिकार का दावा प्रस्तुत किया गया है। इसी को लेकर राजस्व विभाग में नामांतरण संबंधी मामला वर्षों से लंबित है। दोनों पक्ष भूमि पर अपने-अपने अधिकार का दावा करते रहे हैं, जिसके कारण विवाद लगातार बना हुआ है।