छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रविवार की रात दो गुटों में गैंगवार हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। हमलावरों ने एक युवक को चाकू घोंप दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है। वहीं, सबूत जुटाने और जांच के चलते युवक की लाश रात भर मौके पर ही पड़ी रही। घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की है।
सिरगिट्टी के मैट्रिक्स चौक निवासी ओम दिवाकर और सुनील निर्मलकर उर्फ कल्लू टाइगर आसपास रहते हैं। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से विवाद रहा था। रविवार रात ओम दिवाकर अपने साथियों के साथ घर के पास मैट्रिक्स चौक खड़ा था। उसी समय सुनील उर्फ कल्लू टाइगर अपने दोस्तों के साथ पहुंचा।
इस दौरान दोनों एक-दूसरे को घूरते हुए गाली-गलौज करने लगे। फिर देखते ही देखते विवाद शुरू हो गया। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हाथ-मुक्का और लाठी-डंडों से पिटाई करते रहे। इस दौरान उनके बीच जमकर मारपीट हुई।
चाकू घोंप कर युवक को मार डाला
इसी दौरान हमलावरों ने ओम दिवाकर पर ताबड़तोड़ हमला किया और चाकू निकालकर घोंप दिया। जिससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया। इसके बाद हमलावर इधर-उधर भागने लगे। इस हमले में ओम दिवाकर की मौके पर ही मौत हो गई।
ओम के साथियों ने हमले की जानकारी पुलिस को दी। हत्या की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिसके बाद आसपास पूछताछ करने के बाद मुख्य आरोपी सुनील निर्मलकर उर्फ कल्लू टाइगर को पकड़ लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
घटना स्थल पर रात भर पड़ी रही लाश
जिस जगह यह वारदात हुई, वहां फदहाखार जंगल है। युवक का शव यहां रात पर पड़ा रहा। रात होने के कारण अंधेरे में फोरेंसिक जांच नहीं हो सका। पुलिस ने घटना स्थल पर साक्ष्य प्रभावित होने के कारण शव को नहीं उठवाया। सोमवार सुबह फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद जांच शुरू की। इसके बाद ओम दिवाकर के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिम्स भेजा गया।
मृतक और आरोपी आदतन बदमाश
पुलिस के अनुसार आरोपी सुनील निर्मलकर उर्फ कल्लू टाइगर और मृतक ओम दिवाकर दोनों ही सिरगिट्टी थाना के आदतन बदमाश है। दोनों मारपीट, आर्म्स एक्ट समेत कई मामलो में कई बार जेल भी जा चुके हैं।
कुछ दिनों पहले ही तत्कालीन थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी आकाश चौधरी ने दोनों को हथियार लेकर घूमते पकड़ा था। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की कार्रवाई जेल भेजा था, जहां से जमानत पर दोनों कुछ समय पहले ही रिहा हुए हैं।