छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में सोशल मीडिया पर बच्चों से संबंधित अश्लील वीडियो देखने और अपलोड करने के मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में सोशल मीडिया पर बच्चों से संबंधित अश्लील वीडियो देखने और अपलोड करने के मामला सामने आया। जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार कर रायगढ़ लाकर आगे की कार्रवाई की है। मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के मुताबिक इंटरनेट व सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर बच्चों से संबंधित अश्लील सामग्री को देखने, अपलोड करने और साझा करने के मामलों में साइबर निगरानी के माध्यम से मिलने वाली सूचनाओं पर संबंधित पुलिस द्वारा कार्रवाई की जाती है।

इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर के माध्यम से प्राप्त साइबर टिप लाइन से संबंधित जानकारी एसपी कार्यालय रायगढ़ को प्राप्त हुई।

जिसे आवश्यक कार्रवाई के लिए थाना पुसौर भेजा गया। जांच के दौरान पाया गया कि 25 मार्च 2026 को पुसौर थाना क्षेत्र के लारा NTPC क्षेत्र से सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर बच्चों से संबंधित अश्लील वीडियो देखा व अपलोड किया गया था।जांच में वह वीडियो चाइल्ड पोर्नोग्राफी की श्रेणी का पाए जाने पर थाना पुसौर में अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया।

मुजफ्फरपुर से आरोपी की गिरफ्तार कर लाया

विवेचना के दौरान संबंधित मोबाइल नंबर की तकनीकी जानकारी व मोबाइल डिटेल की जांच करने पर उसके मुजफ्फरपुर, बिहार में संचालित होने की जानकारी मिली।

इसके बाद पुलिस टीम तत्काल बिहार रवाना हुई और तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी मोहम्मद जुबैर आलम 38 साल को ग्राम सुमेरा, थाना कुढ़नी, जिला मुजफ्फरपुर से हिरासत में लिया गया। पुलिस आरोपी को रायगढ़ लेकर पहुंची।

आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया

जहां पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले साल पुसौर थाना क्षेत्र के लारा NTPC में ठेकेदार के अधीन पोकलेन मशीन चलाने का काम करता था और इसी दौरान यह घटना घटित हुई थी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से Vivo मोबाइल फोन जप्त किया है। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

यह गंभीर साइबर अपराध है

SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि बच्चों से संबंधित आपत्तिजनक व अश्लील सामग्री का ऑनलाइन प्रसार गंभीर साइबर अपराध है।

ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस साइबर अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।

Exit mobile version