छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पैदल जा रही महिला के गले से बाइक सवार दो युवकों ने सोने का मंगलसूत्र झपट लिया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पैदल जा रही महिला के गले से बाइक सवार दो युवकों ने सोने का मंगलसूत्र झपट लिया। घटना के बाद दोनों आरोपी तहसील कार्यालय रोड की ओर फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। मामला चक्रधरनगर थाना क्षेत्र का है।

घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है। छोटे अतरमुड़ा निवासी गीता पटेल अपनी परिचित महिला के साथ चंद्रनगर कॉलोनी से पैदल चक्रधरनगर की ओर जा रही थीं। दोनों आपस में बातचीत करते हुए आगे बढ़ रही थीं।इसी दौरान पीछे से काले रंग की पल्सर बाइक पर दो युवक पहुंचे।

बाइक पर पीछे बैठे युवक ने गीता पटेल के गले से करीब 10 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र झपट लिया। इसके बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार में तहसील कार्यालय रोड की ओर फरार हो गए।

नाकेबंदी कर पुलिस ने शुरू की तलाश

घटना के बाद महिला ने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। शहर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

फुटेज में बाइक सवार दोनों युवकों की तस्वीर कैद हुई है। फुटेज के मुताबिक बाइक चालक ने काली टी-शर्ट, जींस और हेलमेट पहना था। पीछे बैठे युवक ने आसमानी रंग की शर्ट, जींस और सिर पर गमछा बांध रखा था।

WhatsApp ग्रुप में फोटो भेजकर पहचान की कोशिश

पुलिस ने CCTV फुटेज से मिले संदिग्धों के फोटो अलग-अलग WhatsApp ग्रुप में साझा किए हैं। इनके जरिए आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि संदिग्धों के बारे में कोई जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी चक्रधरनगर के मोबाइल नंबर 9479193210 या पुलिस कंट्रोल रूम रायगढ़ के नंबर 9479193299 पर सूचना दें। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।