दुर्ग पुलिस ने साइबर ठगी की रकम खपाने के लिए म्यूल बैंक खाते मुहैया कराने के आरोप में बजरंग दल के दुर्ग जिला अध्यक्ष रवि भारती समेत 14 लोगों पर कार्रवाई की है। पुलिस जांच में इन बैंक खातों से करोड़ों रुपए के संदिग्ध लेन-देन सामने आए हैं। आरोपियों पर अपने बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड दूसरे लोगों को देने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कमीशन के लालच में अपने बैंकिंग दस्तावेज और सिम कार्ड दूसरे लोगों को मुहैया कराए थे। इनका इस्तेमाल साइबर ठगी से मिली रकम के लेन-देन में किया गया। खाताधारकों को इसके बदले 2 हजार से 15 हजार रुपए तक कमीशन दिया जाता था।
29 सितंबर 2026 को की गई कार्रवाई में थाना नेवई में 11 और थाना छावनी में 3 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। रवि भारती (29) भी छावनी थाने में दर्ज तीन आरोपियों में शामिल हैं। वह कदम कैपिटल, अंजोरा, थाना पुलगांव के निवासी हैं।
इसके अलावा रविन्द्र साहू (66), निवासी सेक्टर-6, सड़क नंबर 40, क्वार्टर नंबर 40, भिलाई और सुजीत सिंह (39), निवासी कैम्प-1, सुभाष चौक, 165/एफ, भिलाई के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
नेवई के 11 आरोपी कौन-कौन
थाना नेवई में कार्तिक बाग (27), बजरंग चौक रूआबांधा; बबलू शाह (26), संजय नगर आदर्श पारा सुपेला; बलवंत सिंह (22), न्यू कृष्णा नगर सुपेला; समीर साहनी (19), एचएसीएल कॉलोनी रूआबांधा; चन्द्रप्रकाश पाठक (28), श्रमिक नगर छावनी; यतेन्द्र धनकर (37), सेक्टर भिलाई; गुरजीत सिंह रंधावा (22), कैम्प-1 भिलाई; राकेश सेन (34), श्याम नगर लिंक रोड भिलाई; राकेश देवांगन (44), भाठापारा कुरूद; फैजल खान (19), रूआबांधा गांधी चौक और रीता कुमारी, उड़िया बस्ती खुर्सीपार के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
एक खाते से दूसरे खाते में भेजते थे ठगी की रकम
पुलिस के मुताबिक, म्यूल खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम को एक बैंक खाते से दूसरे खाते में पहुंचाने के लिए किया जाता था। कार्रवाई के दौरान आरोपियों से पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य संबंधित दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
BNS की इन धाराओं में केस दर्ज
मामले में थाना छावनी अपराध क्रमांक 626/2026 और थाना नेवई अपराध क्रमांक 306/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(2), 318(3) और 317(4) में कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है।
पुलिस की चेतावनी- किसी को बैंक खाता देना पड़ सकता है भारी
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक या मोबाइल सिम किसी अन्य व्यक्ति को इस्तेमाल के लिए न दें। पुलिस के अनुसार साइबर अपराधी इनका इस्तेमाल ठगी की रकम के लेन-देन में कर सकते हैं। ऐसी स्थिति में खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं।
पुलिस ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति को पता चलता है कि उसके बैंक खाते या बैंकिंग साधनों का किसी दूसरे व्यक्ति द्वारा दुरुपयोग किया जा रहा है, तो तत्काल बैंक, नजदीकी पुलिस थाना या अधिकृत साइबर अपराध शिकायत माध्यम पर सूचना दें।