रायगढ़ जिले में वन विभाग ने अवैध लकड़ी के खिलाफ कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesरायगढ़ जिले में वन विभाग ने अवैध लकड़ी के खिलाफ कार्रवाई की है। जामगांव सर्किल के भगोरा गांव में एक घर से सागौन के लट्ठे और साल प्रजाति की चिरान बरामद की गई है। यह लकड़ी रथलाल राठिया के घर में रखी थी। वन विभाग की टीम लकड़ी की कीमत का आकलन कर रही है।

मामला रायगढ़ वन परिक्षेत्र का है। वन विभाग को गुरुवार को सूचना मिली थी कि भगोरा गांव में रथलाल राठिया के घर में सागौन और साल की अवैध लकड़ी का भंडारण किया गया है। सूचना के बाद उड़नदस्ता और विभागीय अमले की टीम मौके पर पहुंची।

टीम ने घर की जांच की तो वहां सागौन के बड़े-बड़े लट्ठे और साल की चिरान मिली। वन कर्मियों ने लकड़ी से जुड़े दस्तावेज मांगे, लेकिन रथलाल कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद टीम ने सभी लकड़ियों को जब्त कर लिया।

50 हजार से ज्यादा की हो सकती है लकड़ी

वन विभाग के मुताबिक बरामद लकड़ी की कीमत 50 हजार रुपए से ज्यादा होने का अनुमान है। हालांकि, इसकी सही कीमत आकलन के बाद ही स्पष्ट होगी।

केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई

रायगढ़ रेंजर संजय लकड़ा ने बताया कि सूचना के बाद टीम ने मौके पर दबिश दी थी। घर से काफी मात्रा में लकड़ी मिली है। इसका आकलन किया जा रहा है। मामले में केस दर्ज कर पूछताछ और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version