
वहीं पिता के लगातार ऐसे व्यवहार से परेशान होकर बेटे ने अपने पिता के सिर पर पत्थर पटककर मार डाला। यह घटना बोरी थाना क्षेत्र के नवागांव की है।
अब जानिए पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, नवागांव में कुलेश्वर साहू (39 वर्षीय) अपनी पत्नी, बेटे और बेटी के साथ रह रहा था। 17 जून को कुलेश्वर के घर से तेज दुर्गंध आने लगी। पड़ोसियों और रिश्तेदारों को शक हुआ तो उन्होंने घर के भीतर जाकर देखा। कमरे में कुलेश्वर साहू का सड़ा-गला शव पड़ा हुआ था
शव इतनी बुरी तरह सड़ चुका था कि पूरा शरीर काला पड़ गया था और फूल गया था। रिश्तेदारों ने मृतक के बेटे नीलकमल साहू को सूचना दी, जिसके बाद वह गांव पहुंचा और फिर पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी।
मौके की जांच के दौरान पुलिस को मृतक के माथे पर गहरी चोट के निशान मिले। शव की हालत खराब होने के बावजूद सिर पर लगी गंभीर चोट साफ दिखाई दे रही थी। इससे पुलिस को मौत के पीछे हत्या की आशंका हुई।
पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। यहीं से मामले में अहम सुराग मिला।
23 जून को मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने बताया कि कुलेश्वर की मौत सिर पर किसी भारी और ठोस वस्तु से किए गए वार के कारण हुई है। रिपोर्ट में मौत को हत्या बताया गया।
डॉक्टरों ने रिपोर्ट में यह भी बताया कि कुलेश्वर की मौत करीब 2 से 3 दिन पहले हो चुकी थी। रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने हत्या और सबूत छिपाने का मामला दर्ज कर जांच और तेज कर दी।
परिवार के भीतर ही मिला हत्यारा
पुलिस ने मृतक के परिजनों, पड़ोसियों और जानने वालों से पूछताछ की। जांच में कई ऐसे सबूत मिले, जिनसे शक मृतक के बेटे नीलकमल साहू पर गया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
जांच में साफ हो गया कि पिता की हत्या उसके बेटे ने ही की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मानसिक तनाव और पारिवारिक विवाद बना वजह
पुलिस जांच में आरोपी ने बताया कि उसके पिता का करीब 5 साल पहले एक्सीडेंट हुआ था, जिसके बाद उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी। वह अचानक गुस्सा हो जाते थे और गाली-गलौज व मारपीट करने लगते थे।
लगातार विवाद और झगड़ों के कारण उसकी पत्नी, बेटा और 15 साल की बेटी करीब दो महीने पहले घर छोड़कर अपने रिश्तेदारों के यहां रहने चले गए थे। परिवार और कुलेश्वर के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था।पिता के लगातार ऐसे व्यवहार से परेशान होकर बेटे ने हत्या कर दी।
एएसपी ने की पुष्टि
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि एफएसएल टीम की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट हुआ कि मृतक की हत्या की गई थी। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मृतक के पुत्र नीलकमल साहू को आरोपी पाया गया। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।