
पुलिस ने जांच के बाद तीन ट्रेलर, एक रोलर मशीन और लगभग 30 टन कोयला जब्त किया है। यह मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, श्यामा विहार निवासी कप्तान सत्यनारायण राशि स्टील एंड पावर लिमिटेड में काम करते हैं। उन्होंने बताया कि कंपनी ने SECL कोरबा से 30 हजार टन अच्छी क्वालिटी वाला जी-11 कोयले का ऑर्डर दिया था, जिसे एसएम इंटरप्राइजेस के जरिए प्लांट तक पहुंचाया जा रहा था।
17 जून की रात से सुबह के बीच तीन ट्रेलर में कोयला प्लांट पहुंचा। जांच के दौरान पाया गया कि कोयला खराब और मिलावटी था।
जांच में यह भी सामने आया कि ट्रेलर नंबर CG-10-EC-5488, CG-10-BT-6138 और CG-15-EG-5055 में कोरबा की खदान से जी-11 ग्रेड कोयला लोड किया गया था, लेकिन रास्ते में उसमें मिलावट कर दी गई।
डिपो में हो जाती थी मिलावट, फिर रकम का होता था बंटवारा
पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने ट्रेलर ड्राइवर जयकांत यादव को पकड़कर पूछताछ की।
पूछताछ में उसने बताया कि ट्रेलर मालिक निखिल साहू और कोल डिपो संचालक आकाश सिंघल के साथ मिलकर यह पूरा खेल किया जाता था। SECL से लाया गया हाई-क्वालिटी का कोयला बेलतरा टोल प्लाजा के पास स्थित आकाश सिंघल के कोल डिपो में उतार दिया जाता था।
इसके बाद वहां रखा गया घटिया कोयला और गिट्टी को मशीन से मिलाकर ट्रेलरों में भरा जाता था और फिर उसे राशि प्लांट भेज दिया जाता था। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि इस अवैध काम से जो पैसे मिलते थे, उसे आपस में बांट लिया जाता था।
कोयला चोरी और मिक्सिंग का मास्टरमाइंड है आकाश
कोयला चोरी और मिलावट के मामले में गिरफ्तार कोल डिपो संचालक आकाश सिंघल पहले भी इसी तरह कोयले की चोरी और मिलावट करते पकड़ा जा चुका है। उस समय पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई भी की थी।
लेकिन बताया जा रहा है कि हर बार कार्रवाई के बाद कुछ समय तक वह शांत रहता है और फिर दोबारा इसी अवैध काम में सक्रिय हो जाता है।
कोयला चोरों पर पुलिस की लगातार कार्रवाई
इधर, पुलिस ने पिछले कुछ दिनों से कोयला चोरी, अवैध परिवहन और मिक्सिंग के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में कोयला चोरी और अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा आगे भी अभियान जारी रहेगा।
डिपो संचालक समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
- आकाश सिंघल (कोल डिपो संचालक), निवासी देवरीखुर्द बिलासपुर
- जयकांत यादव (चालक), निवासी गढ़वा, झारखंड
- सुनीत यादव (वाहन मालिक), निवासी अशोक नगर, बिलासपुर
- सूरज सिंह (वाहन मालिक), निवासी दीपका, कोरबा