बेमेतरा के साजा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मवेशी तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesबेमेतरा के साजा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मवेशी तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर 13 मवेशियों को बिना वैध दस्तावेज के मध्यप्रदेश के कत्लखाने ले जाने का आरोप है।

पुलिस ने 13 मवेशियों के साथ तस्करी में इस्तेमाल 3 पिकअप जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख 1 हजार रुपए है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर कोर्ट में पेश किया गया।

कोदवा में 2 पिकअप से 8 मवेशी ले जा रहे थे

पहला मामला ग्राम कोदवा का है। गणेश वैष्णव की शिकायत पर पुलिस ने दो पिकअप वाहन (MP 28 ZC 7258 और CG 10 BF 4386) को रोककर जांच की। इनमें 8 भैंस और पड़वा ले जाए जा रहे थे। वाहन में सवार जीवन पटेल, प्रेमलाल ठाकरे, कलपेश बिसेन और दीप कश्यप मवेशियों से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके।

दूसरे पिकअप में 5 मवेशी ठूंसकर ले जा रहे थे

दूसरे मामले में एक पिकअप (MP 50 G 2632) में 5 मवेशियों को ठूंसकर ले जाने की सूचना मिली थी। गणेश वैष्णव ने वाहन को रोककर इसकी सूचना पुलिस को दी। वाहन में 1 भैंस, 1 भैंस का बच्चा, 2 पड़वा और 1 पड़िया मिली। लक्ष्मीकांत चौधरी और विजय चौधरी भी मवेशियों के दस्तावेज नहीं दिखा सके।

13 मवेशी और 3 पिकअप जब्त

पुलिस ने दोनों मामलों में पूछताछ और विवेचना के बाद आरोपियों की घटना में संलिप्तता की बात कही है। पुलिस के मुताबिक, 13 मवेशियों की कीमत करीब 3 लाख 51 हजार रुपए और 3 पिकअप वाहनों की कीमत करीब 6 लाख 50 हजार रुपए है। कुल 10 लाख 1 हजार रुपए का सामान जब्त किया गया है।

बालाघाट और मुंगेली के रहने वाले हैं आरोपी

पुलिस ने मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के जीवन पटेल (46), प्रेमलाल ठाकरे (60), कलपेश बिसेन (26), लक्ष्मीकांत चौधरी (46) और विजय चौधरी (21) को गिरफ्तार किया है। वहीं, मुंगेली जिले के दीप कश्यप (42) को भी गिरफ्तार किया गया है।

आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत केस दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।

Exit mobile version