
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी बालोद का रहने वाला है और छात्रा के साथ कोचिंग में पढ़ चुका है। पिछले एक-डेढ़ साल से दोनों के बीच अफेयर था। युवक छात्रा से शादी करना चाहता था, लेकिन उसे शक था कि छात्रा दूसरे लड़कों से भी बात करने लगी है।
इससे नाराज होकर उसने अपने बचपन के दोस्त से हमला करवाने की साजिश रची। हमले में छात्रा के शरीर का दाहिना हिस्सा, चेहरा और आंख के आसपास का हिस्सा बुरी तरह झुलस गया है। मंगलवार शाम करीब 5 बजे दोनों आरोपियों को बालोद कोर्ट में पेश करने के लिए ले जाया गया। पटेल मैदान के सामने भीड़ ने पुलिस वाहन रोककर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुलिस ने भीड़ को हटाने का प्रयास किया तो स्थिति बिगड़ गई। उग्र भीड़ ने आरोपियों पर काला-नीला रंग फेंका और उन्हें जूते की माला पहनाने की कोशिश की। इस दौरान कई छात्राओं ने आरोपियों को पीटने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच हाथापाई भी हुई। घटना में कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई।
वकील बोले- आरोपियों का केस नहीं लड़ेंगे
छात्र-छात्राओं ने करीब डेढ़ घंटे तक बालोद न्यायालय को चारों ओर से घेरकर आरोपियों को फांसी देने की मांग को लेकर नारेबाजी की। कोर्ट परिसर के अंदर भी गहमागहमी का माहौल रहा। पुलिस ने सुरक्षा के चलते किसी भी व्यक्ति को आरोपियों के पास जाने नहीं दिया।
शाम को आरोपियों को जेल ले जाने के दौरान भी पुलिस को रास्ता बदलना पड़ा। कोर्ट के पीछे के रास्ते से दूसरे वाहन में दोनों आरोपियों को बाहर निकाला गया। वहीं अधिवक्ताओं ने भी आरोपियों का केस नहीं लड़ने की बात कही। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने लैब में उपयोग होने वाला 500 एमएल सल्फ्यूरिक एसिड 26 सितंबर को दुर्ग से खरीदा था।
27 सितंबर को गणेश विसर्जन की झांकी के दौरान छात्रा पर एसिड अटैक करने की योजना थी, लेकिन उस दौरान आरोपी खुद झुलस गया। इसके बाद 5 अक्टूबर को उसने छात्रा पर हमला किया। वारदात में इस्तेमाल किए गए एसिड में से बचा हुआ एसिड भी जब्त कर लिया है।
आरोपी भी पुलिसकर्मी का बेटा, अटैक से पहले शादी
मुख्य आरोपी बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम नेवारीखुर्द का रहने वाला है और बालोद शहर के आमापारा में किराए के मकान में रहता था। उसके पिता मानपुर-मोहला जिले में पदस्थ पुलिसकर्मी हैं।
मुख्य आरोपी ने करीब एक सप्ताह पहले भैरमगढ़ (बीजापुर) से अपने बचपन के दोस्त को बालोद बुलाया था। दोस्त अपनी महिला मित्र को भी साथ लेकर आया था। पुलिस के अनुसार, सोमवार को एसिड अटैक से पहले आरोपी ने कमरौद में महिला मित्र की मांग भरकर उससे कथित रूप से शादी की थी।
इसके बाद लाइब्रेरी से लौट रही छात्रा पर एसिड अटैक किया गया। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी को लगा था कि बाहर से बुलाया गया युवक वारदात के बाद आसानी से निकल जाएगा और पकड़ा नहीं जाएगा। हालांकि, पुलिस ने कुछ ही घंटों में उसे कोंडागांव से गिरफ्तार कर लिया।