धमतरी जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी

Chhattisgarh Crimesधमतरी जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। टीम ने दो दिनों में अलग-अलग इलाकों में जांच कर 10 ट्रैक्टर और 5 हाईवा जब्त किए हैं। सभी वाहनों को कलेक्ट्रेट परिसर में रखा गया है। कार्रवाई के बाद अवैध रेत कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम लगातार रेत घाटों, परिवहन मार्गों और दूसरे संवेदनशील इलाकों में वाहनों की जांच कर रही है। इसी अभियान के तहत 6 अक्टूबर को अछोटा, मुड़पार, अमेठी, कलारतराई और दोनर में जांच की गई। इस दौरान 6 ट्रैक्टर और एक हाईवा पकड़ा गया।

इसके बाद 7 अक्टूबर को अमेठी, सौंगा और रूद्री इलाके में कार्रवाई की गई। यहां टीम ने 4 ट्रैक्टर और 4 हाईवा जब्त किए। जांच में इन वाहनों से बिना वैध अनुमति रेत के उत्खनन और परिवहन का मामला सामने आया है।

341 मामलों में करीब 1.18 करोड़ रुपए जमा

जिला खनिज अधिकारी हेमंत चेरपा ने बताया कि अवैध खनिज गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। 1 अप्रैल से सितंबर 2026 तक 341 मामले दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में करीब 1 करोड़ 18 लाख रुपए खनिज मद में जमा कराए गए हैं।

उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान अवैध भंडारण, अवैध परिवहन और अवैध खनन के मामलों में वाहन और मशीनरी जब्त की गई है। इसमें ट्रैक्टर, हाईवा और चैन माउंटेन जैसी मशीनें भी शामिल हैं।

बिना अनुमति रेत कारोबार पर होगी कार्रवाई

प्रशासन ने साफ किया है कि बिना अनुमति रेत का उत्खनन, परिवहन या भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है। टीम वाहनों के दस्तावेज और रेत परिवहन की वैध अनुमति की भी जांच कर रही है।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अधिकारियों को अवैध खनिज गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और नियमों का उल्लंघन मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई का मकसद अवैध कारोबार पर रोक लगाने के साथ प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और सरकारी राजस्व के नुकसान को रोकना है।

Exit mobile version