रायगढ़ जिले के अंबेडकर आवास ITI कॉलोनी में बुधवार देर रात एक घर में लगे विंडो AC का कंप्रेसर फट गया

Chhattisgarh Crimesरायगढ़ जिले के अंबेडकर आवास ITI कॉलोनी में बुधवार देर रात एक घर में लगे विंडो AC का कंप्रेसर फट गया। कमरे में भरे धुएं की वजह से पिता की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में घर के बाहर खड़ी दो बाइक भी जलकर राख हो गईं। घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, पुरषोत्तम पटेल (45) अपने बेटे आर्यन पटेल (19) के साथ रहते थे। बुधवार को आर्यन पटेल का 19वां जन्मदिन था। रात में दोनों खाना खाकर सो गए। तड़के करीब 3 बजे अचानक विंडो एसी का कंप्रेसर तेज धमाके के साथ फट गया।

धमाके के बाद आग की चिंगारियां घर के बाहर खड़ी दो बाइकों तक पहुंच गईं, जिससे उनमें आग लग गई। घर के मुख्य दरवाजे के पास भी आग और धुआं फैल गया। जिसके चलते पिता-बेटा बाहर नहीं निकल सके।

धमाके की आवाज सुनकर जुटे लोग

तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले तो देखा कि घर के बाहर खड़ी बाइकें जल रही हैं। तत्काल डायल-112 को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर घर का दरवाजा तोड़ा और दोनों को बाहर निकाला।

दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक पुरषोत्तम पटेल की दम घुटने से मौत हो चुकी थी। वहीं गंभीर रूप से घायल आर्यन पटेल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

जांच में जुटी पुलिस और फॉरेंसिक टीम

घटना की सूचना मिलने के बाद चक्रधर नगर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने बताया कि, शुरुआती जांच में विंडो एसी के कंप्रेसर ब्लास्ट होने की बात सामने आई है। कमरे का आकार छोटा होने के कारण धुआं तेजी से भर गया, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।