
जानकारी के अनुसार, शास्त्री चौक जोन स्थित सहायक अभियंता कार्यालय में पदस्थ सहायक यंत्री मुकेश त्रिपाठी ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि 24 जून 2026 की रात करीब 8 बजे वे कार्यालय में अंतिम बिजली बिलों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान अरुण भद्रा नामक व्यक्ति कार्यालय पहुंचा और अपने बिजली बिल को लेकर नाराजगी जताने लगा।
मुकेश त्रिपाठी के अनुसार, अरुण भद्रा ने आरोप लगाया कि उसके बिजली मीटर की गलत रीडिंग दर्ज की गई है और बिना कारण उसका बिजली कनेक्शन काट दिया गया है। इस पर सहायक यंत्री ने विभाग के ‘प्रकाश’ एप के माध्यम से संबंधित बीपी नंबर की रीडिंग दिखाकर स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास किया।
शिकायत के मुताबिक, रीडिंग दिखाए जाने के बाद भी अरुण भद्रा शांत नहीं हुआ और आक्रोशित होकर गाली-गलौज करने लगा।
खुद को नेता बताकर दी धमकी
मुकेश त्रिपाठी ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने खुद को बड़ा नेता बताते हुए कहा कि वह 20 से 25 लोगों को बुलाकर उनकी पिटाई करवा देगा। आरोप है कि उसने कार्यालय में मौजूद ऑपरेटर मनीष खेंदूलकर को भी गालियां देते हुए देख लेने की धमकी दी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के समय कार्यालय में कनिष्ठ यंत्री योगेश साहू, कुणाल दीप और ऑपरेटर मनीष खेंदूलकर मौजूद थे, जिन्होंने पूरे घटनाक्रम को देखा। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी अरुण भद्रा के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, गाली-गलौज करने और धमकी देने सहित अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।