
घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। जानकारी के मुताबिक, नवीन मार्केट दुर्गा पूजा समिति की ओर से मां दुर्गा की प्रतिमा को धूमधाम से पंडाल तक लाया जा रहा था। पंडाल के ठीक बगल में फेस रिवील कार्यक्रम के लिए स्टेज बनाया गया था। रात करीब 9:15 बजे कार्यक्रम के दौरान आतिशबाजी की चिंगारी पंडाल तक पहुंच गई।
इससे आग लग गई और कुछ ही देर में पूरे पंडाल में फैल गई। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम एक गाड़ी के साथ पहुंची और आग बुझाई। समय रहते आग पर काबू पा लेने से कोई हताहत नहीं हुआ।
पंडाल को दोबारा तैयार करने में जुटी समिति
आग से पंडाल को हुए नुकसान के बाद दुर्गा पूजा समिति के सदस्य इसे दोबारा तैयार करने और मरम्मत के काम में जुट गए हैं, ताकि दुर्गोत्सव की तैयारियां पूरी की जा सकें। गोलबाजार थाना प्रभारी कृष्णा साहू ने बताया कि आतिशबाजी के कारण पंडाल में आग लगी थी। फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया।