रायगढ़ में नवरात्रि, दुर्गा उत्सव और दशहरा के दौरान पुलिस की सख्त निगरानी रहेगी

Chhattisgarh Crimesरायगढ़ में नवरात्रि, दुर्गा उत्सव और दशहरा के दौरान पुलिस की सख्त निगरानी रहेगी। बदमाशों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के साथ उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गरबा-डांडिया आयोजनों में पुलिसकर्मी सादी वर्दी में तैनात रहेंगे। वहीं, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

इसे लेकर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने क्राइम मीटिंग में सभी थाना-चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। पुलिस कंट्रोल रूम में एसएसपी ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों, प्रशिक्षु उप निरीक्षकों और शाखा प्रमुखों की अपराध समीक्षा बैठक ली।

उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था पुलिस की पहली प्राथमिकता रहेगी। साथ ही अपराधों का जल्द निराकरण करने, फरार वारंटियों को गिरफ्तार करने, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में दुर्गा पंडालों, गरबा-डांडिया आयोजनों, दशहरा उत्सव और अन्य बड़े कार्यक्रमों की जानकारी जुटाकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा। उन्होंने पुलिस का सूचना तंत्र मजबूत रखने और हर बड़े आयोजन की जानकारी रखने के निर्देश दिए।

सादी वर्दी में तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी

रात में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आयोजन समितियों को वॉलंटियर तैनात करने, पंडालों की नियमित निगरानी करने और समिति के पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। गरबा-डांडिया समेत भीड़भाड़ वाले आयोजनों में असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए पुलिसकर्मी सादी वर्दी में भी तैनात रहेंगे।

शहर और संवेदनशील क्षेत्रों में देर रात तक पेट्रोलिंग की जाएगी। पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 9479193299 और डायल 112 पर मिलने वाली सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाकर या भ्रामक सामग्री प्रसारित कर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बदमाशों और असामाजिक तत्वों पर रहेगी नजर

एसएसपी ने त्योहारी सीजन में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बदमाशों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने को कहा। जरूरत पड़ने पर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी। लघु अधिनियमों के तहत कार्रवाई में भी तेजी लाने और पिछले साल की तुलना में अधिक प्रभावी कार्रवाई करने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए।

फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए बनेंगी टीमें

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने पुलिस मुख्यालय की ओर से फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान की जानकारी दी। इस दौरान थाना और जिला स्तर पर विशेष टीमें गठित कर फरार वारंटियों की अधिक से अधिक गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही लंबित वारंटों के निष्पादन को प्राथमिकता देने को कहा।

पुराने लंबित मामलों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पहले दिए गए निर्देशों के पालन की समीक्षा की और थाना-वार लंबित अपराधों की स्थिति की जानकारी ली। नए आपराधिक कानूनों के तहत 60 और 90 दिन की निर्धारित समय-सीमा में अपराधों का निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

साल 2025 से पहले के लंबित अपराधों की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए एसएसपी ने ऐसे मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने को कहा।

प्रेशर हॉर्न, तीन सवारी और तेज रफ्तार पर रोज होगी कार्रवाई

नवरात्रि, दुर्गा उत्सव और दशहरा के दौरान शहर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना है। इसे देखते हुए एसएसपी ने यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश दिए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात पुष्पेंद्र बघेल को यातायात प्रबंधन की योजना तैयार करने और जरूरत के मुताबिक पुलिस बल तैनात करने को कहा गया, ताकि भीड़भाड़ वाले मार्गों और आयोजन स्थलों के आसपास यातायात सुचारु रहे।

थाना प्रभारियों को प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रतिदिन कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

Exit mobile version