मां बम्लेश्वरी मंदिर में आज नवरात्रि की पंचमी पर पंचमी भेंट होगी। पिछले साल इस आयोजन के दौरान गर्भगृह में प्रवेश और पूजा की परंपरा को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद मंदिर ट्रस्ट और खैरागढ़ राजपरिवार के बीच भी मतभेद सामने आए।
इस बार आयोजन से पहले जिला प्रशासन ने मंदिर ट्रस्ट, राजपरिवार के सदस्य भवानी बहादुर सिंह और गोंडवाना समाज के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। सभी पक्षों ने बिना विवाद के पंचमी भेंट कराने पर सहमति दी है। प्रशासन कानून-व्यवस्था संभालेगा, जबकि ट्रस्ट मंदिर की व्यवस्थाएं देखेगा।
पंचमी भेंट को लेकर इस बार गोंडवाना समाज ने बड़े स्तर पर तैयारी की है। समाज के मुताबिक, बस्तर से आंगादेव और डांग भी लाए जाएंगे। आयोजन में गोंडवाना समाज के साथ दूसरे समाजों के लोगों के शामिल होने की भी बात कही गई है।
मंदिर ट्रस्ट में सभी समाजों को प्रतिनिधित्व देने की मांग की थी
राजपरिवार के सदस्य भवानी बहादुर सिंह का कहना है कि पिछले साल उन्हें मंदिर ट्रस्ट ने नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के लोगों ने आमंत्रित किया था। उन्होंने बताया कि उस समय समाज के लोगों के साथ पहले से विवाद चल रहा था।
जब वे पूजा के लिए पहुंचे तो ट्रस्ट का कोई सदस्य वहां नहीं आया। उनके मुताबिक, मंदिर किसी एक समाज का नहीं है। यहां ठाकुर, ब्राह्मण, क्षत्रिय, आदिवासी समेत अलग-अलग समाजों के लोग आस्था रखते हैं। इसलिए सभी समाजों को मंदिर ट्रस्ट में भी प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।