सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए सात आरोपियों को पकड़ा

Chhattisgarh Crimesसारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए सात आरोपियों को पकड़ा है। इनमें दो बालिग और पांच विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की कुल आठ मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी जिले के अलावा दूसरे क्षेत्रों से भी बाइक चोरी कर उन्हें ओडिशा में बेचने की फिराक में थे।

पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को सारंगढ़ बस स्टेशन और जिला अस्पताल के पास से एक ही दिन में दो मोटरसाइकिलें चोरी हुई थीं। शिकायत मिलने पर कोतवाली सारंगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान CCTV फुटेज की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई।

इसके बाद पुलिस ने देवचरण (24), पिता कार्तिक राम, निवासी रायकोना, थाना सरसींवा और पंकज, पिता कांता प्रसाद, निवासी रायकोना, थाना सरसींवा, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। उनके कब्जे से चोरी की गई दो बाइक बरामद की गईं, जिनकी कुल कीमत करीब 70 हजार रुपए बताई गई है।

पूछताछ में चोरी के 6 अन्य मामले आए सामने

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ के दौरान मोटरसाइकिल चोरी के छह अन्य मामले भी सामने आए। जांच में पता चला कि चोरी की गई बाइकें केवल सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले तक सीमित नहीं थीं। इनमें सरायपाली, सागरपाली, लंबरपाली और रायगढ़ क्षेत्र से चोरी की गई मोटरसाइकिलें भी शामिल हैं।

इन मामलों में संलिप्त अन्य आरोपियों को भी पकड़ा गया। पुलिस की कार्रवाई में कुल सात आरोपी पकड़े गए, जिनमें दो बालिग और पांच नाबालिग बालक हैं।

8 मोटरसाइकिलें जब्त, ओडिशा में बेचने की आशंका

कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल आठ मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। इनमें चार हीरो HF डीलक्स, एक स्कूटी और एक हीरो स्प्लेंडर सहित अन्य बाइकें शामिल हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलें ओडिशा में बेचने की तैयारी कर रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि विधि से संघर्षरत बालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र कुमार पटेल और एसडीओपी सारंगढ़ गोविंद दीवान के नेतृत्व में की गई।

कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक विवेक सिंह चौहान, एएसआई रजक, प्रधान आरक्षक भुवन लाल काटले, महेंद्र सिंह मार्को, केशव प्रसाद देवता तथा आरक्षक नंदकिशोर भारद्वाज और संजय भारद्वाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।