तरुण नगर में तीन बच्चों से मारपीट और उन्हें खाना नहीं देने का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesतरुण नगर में तीन बच्चों से मारपीट और उन्हें खाना नहीं देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सगी मां अन्नू देवी पासवान और सौतेला पिता राजा दीप छोटी-छोटी बातों पर बच्चों को पीटते थे। तीन साल के रोहित की पिटाई से उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया। चेहरे और आंख के आसपास भी गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने मां को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि राजा फरार है। किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत कार्रवाई की गई है।

तरुण नगर निवासी सुशीला जगत के मुताबिक अन्नू अपने कथित पति राजा के साथ किराए के मकान में रहती है। पहले पति से उसके तीन बच्चे समीर (8), लक्ष्मी (6) और रोहित (3) हैं। 13 अक्टूबर की सुबह करीब 8:30 बजे लक्ष्मी रोते हुए घर से बाहर आई। उसने मोहल्लेवालों को बताया कि राजा ने रोहित को बुरी तरह पीटा है। विरोध करने पर अन्नू ने कथित तौर पर पड़ोसियों को धमकाया। इसके बाद बस्तीवालों ने सिविल लाइंस थाने में शिकायत की। घायल रोहित अस्पताल में भर्ती है।

बच्चों से हिंसा पर कार्रवाई

अधिवक्ता विशाल शुक्ला के अनुसार किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत बच्चों से मारपीट, दुर्व्यवहार या जानबूझकर उपेक्षा करने पर कार्रवाई हो सकती है। संकट में मिले बच्चों को बाल कल्याण समिति के सामने पेश कर उनकी सुरक्षा और पुनर्वास पर फैसला लिया जा सकता है। बच्चों के साथ हिंसा की आशंका होने पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दे सकते हैं।

Exit mobile version