छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दुर्गा पंडाल में प्रसाद लेने गए 77 वर्षीय बुजुर्ग पर उनके पड़ोसी ने चाकू से हमला कर दिया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दुर्गा पंडाल में प्रसाद लेने गए 77 वर्षीय बुजुर्ग पर उनके पड़ोसी ने चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने बुजुर्ग के गले पर धारदार चाकू से वार किया। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने आरोपी नत्थूलाल अगरिया (57) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के बड़े रेगड़ा गांव की है।

जमीन को लेकर पड़ोसियों में था विवाद

पुलिस के मुताबिक, बड़े रेगड़ा निवासी रामकुमार यादव ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके पिता मनधर यादव शाम को दुर्गा पंडाल में प्रसाद लेने गए थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले नत्थूलाल अगरिया ने धारदार चाकू से उनके गले पर वार कर दिया।

घटना की सूचना डायल 112 को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।

कटहल काटने वाले चाकू से किया हमला

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान आरोपी की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका और मनधर यादव का घर एक-दूसरे से लगा हुआ है। जमीन को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन भी इसी विवाद के चलते आरोपी ने कटहल काटने वाले धारदार चाकू से मनधर यादव के गले पर वार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से चाकू जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Exit mobile version