
यहां जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर के बाथरूम में पीड़िता के दोनों हाथों के चांदी के आभूषण उतरवा लिए और उसके पास रखे एक हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गई। पीड़िता की शिकायत पर दुर्ग कोतवाली पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, कुमारी यादव पति नारायण यादव (46), निवासी ग्राम राजपुर, थाना धमधा, मजदूरी करती हैं। 16 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे एक अज्ञात महिला उनके घर पहुंची। उसने खुद को धमधा क्षेत्र की रहने वाली बताया और पूछा कि क्या उन्होंने किसी सरकारी योजना का फॉर्म भरा है।
इसके बाद महिला ने कुमारी यादव को बताया कि उन्हें 3 लाख 70 हजार रुपए मिलने वाले हैं। रकम लेने के लिए उसने पीड़िता को अपने साथ दुर्ग चलने के लिए कहा। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने उन्हें जल्दी चलने और इस बारे में किसी को जानकारी नहीं देने की हिदायत भी दी।
महतारी वंदन योजना की राशि निकालकर पहुंची दुर्ग
रकम मिलने की बात पर भरोसा कर कुमारी यादव राजपुर पोस्ट ऑफिस से महतारी वंदन योजना की राशि निकालकर आईं। इसके बाद वह अज्ञात महिला के साथ बस में बैठकर दुर्ग पहुंच गईं। बस स्टैंड से दोनों टेंपो में बैठकर कचहरी पहुंचीं।
शिकायत के मुताबिक, रास्ते में गांव के सचिव भूपेन्द्र दिखाई दिए तो अज्ञात महिला ने पीड़िता से कहा कि वह उन्हें जानती है, लेकिन उन्हें कुछ बताना नहीं है। इसके बाद महिला कुमारी यादव को जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में ले गई।
बाथरूम में उतरवाए चांदी के आभूषण, फिर भागी
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि न्यायालय परिसर में अज्ञात महिला उसे बाथरूम में ले गई। वहां उसने कहा कि अंदर चांदी के आभूषण पहनकर नहीं जा सकते, इसलिए उन्हें उतारकर रख देना चाहिए। उसकी बातों में आकर कुमारी यादव ने दोनों हाथों के चांदी के आभूषण उतार दिए।
शिकायत के अनुसार, महिला ने पीड़िता के पास रखे एक हजार रुपए नकद भी ले लिए और उसे अकेला छोड़कर चली गई। पीड़िता ने चांदी के आभूषणों की कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई है। इस तरह कुल 21 हजार रुपए की ठगी होने की शिकायत दर्ज कराई गई है।
कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया अपराध
घटना के बाद कुमारी यादव ने 17 अक्टूबर 2026 को दुर्ग कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दी। पुलिस ने आवेदन के आधार पर अज्ञात महिला के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस आरोपी महिला की पहचान करने और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच में जुटी है।