
पहली घटना: गाली देने से रोका तो दुकानदार पर चाकू से हमला
सिरगिट्टी में गुरुद्वारा और शनि मंदिर के पास भूपेंद्र मौर्य जलेबी की दुकान लगाते हैं। रोज की तरह वे दुकान लगा रहे थे, तभी हीरा नाम का युवक वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। दुकान पर महिला ग्राहक मौजूद थी।
भूपेंद्र ने उसे गाली देने से मना किया तो युवक नाराज हो गया और चाकू से हमला कर दिया। हमले में भूपेंद्र की पसली के पास गहरी चोट आई। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकला।
पसली में गहरी चोट, सिम्स में चल रहा इलाज
हमले के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल भूपेंद्र को सिम्स अस्पताल पहुंचाया। वहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
दूसरी घटना: शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो पेपर कटर से हमला
15 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे जैतहरी निवासी कौशल सिंह (48) अपने साथी लखन सिंह के साथ बिलासपुर रेलवे स्टेशन के टिकट घर के सामने मेमू ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। दोनों अपने गांव से सीताफल बेचने आए थे। इसी दौरान आशिक ननहेट (22) अपने नाबालिग साथी के साथ वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा।
कौशल सिंह ने पैसे देने से मना किया तो दोनों ने उन पर पेपर कटर से हमला कर दिया। मामले में तारबाहर पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया। वहीं, नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया गया।
तीसरी घटना: बाजार में चाकू लहराते युवक को पकड़ा
चकरभाठा के सब्जी मार्केट में सरेआम धारदार चाकू लहराने के मामले में पुलिस ने वार्ड नंबर 12, जोगीपुर निवासी शिव साहू (23) को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस मामले में लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया।