
■ परिवार ने घटना पर जताया संदेह
घटना की जानकारी मिलते ही एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम और थाना बीजापुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है. फिलहाल घटना के कारणों की जांच और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मृतक के भाई साकेत कुमार बोड्डू ने घटना को लेकर संदेह जताया है। उनका कहना है कि परिवार को जानकारी मिली कि नरसू ने पुनर्वास केंद्र के बाथरूम में जान दे दी।
मेरे भाई को वर्ष 2025 में सरेंडर कराने के लिए लाया गया था। इसके बाद पुनर्वास प्रक्रिया के तहत उन्हें घर भेजे जाने और फिर अगस्त में पुनर्वास केंद्र बुलाए जाने की जानकारी दी। परिवार को बुधवार को नरसू की मौत की सूचना मिली- -साकेत कुमार बोड्डू, मृत सरेंडर नक्सली का भाई
मृतक के भाई का दावा है कि नरसू को अगले दिन घर भेजे जाने की बात कही जा रही थी। ऐसे में परिवार को उम्मीद थी कि वह जल्द ही अपने परिजनों के बीच लौटेगा। साकेत का कहना है कि नरसू के छोटे-छोटे बच्चे, पत्नी और बुजुर्ग पिता हैं। परिवार को लगता है कि घर लौटने की खुशी के बीच वह ऐसा कदम क्यों उठाता।
इन्हीं परिस्थितियों का हवाला देते हुए मृतक के भाई ने मौत को लेकर आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की जरूरत बताई है। हालांकि, परिजनों द्वारा जताई गई हत्या की आशंका की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। घटना के बाद एफएसएल टीम की मौजूदगी और पुलिस की वैधानिक कार्रवाई से मामले की जांच आगे बढ़ रही है।
पुलिस केस की जांच में जुट गई है। मौके पर एफएसएल की टीम जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद अहम खुलासा हो सकेगा- अभिषेक कुमार, एएसपी
पुनर्वास केंद्र में हुई इस घटना से मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। परिजन अपने भाई और बेटे की मौत की परिस्थितियों का स्पष्ट खुलासा चाहते हैं। अब सबकी नजर पुलिस जांच पर टिकी है, जिससे यह पता चल सके कि नरसू बोड्डू की मौत किन परिस्थितियों में हुई ?