रायगढ़ जिले में कोयला लोड कर तमनार जा रहे ट्रेलर ड्राइवर को चाकू दिखाकर मोबाइल और कैश लूटने के मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें लूट का मुख्य आरोपी शनि केंवट और लूट का मोबाइल खरीदने वाले 5 लोग शामिल हैं। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल भी जब्त कर लिया है। मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है।
कृष्णवाटिका बोइरदादर निवासी दीपक कुमार (29) 10 अक्टूबर को झारसुगुड़ा से ट्रेलर में कोयला लोड कर तमनार जा रहा था। सुबह करीब 5 बजे अमलीभौना स्थित शीला पेट्रोल पंप के पास तीन युवकों ने उसे रोक लिया। युवकों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसका मोबाइल, 200 रुपए नकद लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान लूटे गए मोबाइल में दूसरा सिम कार्ड चालू मिला। सिम नंबर की पड़ताल करने पर पता चला कि वह सिंधी कॉलोनी निवासी मोबाइल दुकान संचालक नीरज परियानी (36) के नाम पर पंजीकृत था।
पुलिस ने नीरज से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसकी दुकान में काम करने वाले भुवन निषाद (24), निवासी सोनूमुड़ा नयापारा, ने उसे मोबाइल बेचने के लिए दिया था। नीरज ने मोबाइल खरीद लिया था।
मोबाइल की खरीद-बिक्री से मुख्य आरोपी तक पहुंची पुलिस
जूटमिल पुलिस ने भुवन निषाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने बताया कि मोबाइल रोहित दुलेवाले (30) से खरीदा था। रोहित ने पूछताछ में मोबाइल संजय कुमार सिंह (18), निवासी बाजीराव पारा, से खरीदने की बात कही।
इसके बाद पुलिस ने संजय को हिरासत में लिया। उसने मोबाइल आकाश डेविड (20), निवासी कबीर चौक, से खरीदने की जानकारी दी। आकाश ने बताया कि उसने मोबाइल एफसीआई गोदाम के पास रहने वाले शनि केंवट (19) से खरीदा था।
इस तरह मोबाइल की खरीद-बिक्री की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस मुख्य आरोपी शनि केंवट तक पहुंची। पूछताछ में शनि ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
3 हजार में बेचा था लूटा हुआ मोबाइल
पुलिस के मुताबिक, शनि ने लूटे गए पोको कंपनी के मोबाइल को आकाश डेविड के पास 3 हजार रुपए में बेचा था। पुलिस ने पीड़ित दीपक कुमार से कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष शनि की शिनाख्त भी कराई। इसके बाद लूटा गया मोबाइल जब्त कर लिया गया।
आरोपी भुवन निषाद ने पूछताछ में बताया कि उसने लूट का मोबाइल बेचने से मिली रकम से सैमसंग A36 मोबाइल खरीदा था। पुलिस ने इस मोबाइल को भी गवाहों के सामने जब्त किया।
लूट का मोबाइल खरीदने वाले 5 लोगों पर भी कार्रवाई
जांच में नीरज परियानी, भुवन निषाद, रोहित दुलेवाले, संजय कुमार सिंह और आकाश डेविड के चोरी या लूट की संपत्ति होने की जानकारी के बावजूद मोबाइल खरीदने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2) भी जोड़ी।
पुलिस ने लूट के मुख्य आरोपी शनि केंवट सहित कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया। सभी को रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
लूट का सामान खरीदने वालों पर भी होगी कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि चोरी या लूट की संपत्ति खरीदने वाले लोग भी कानूनी कार्रवाई से नहीं बच सकते। चंद रुपए के लालच में अपराधियों से सामान खरीदना भारी पड़ सकता है। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने पर जेल जाना पड़ सकता है। इस मामले में मुख्य आरोपी सहित 6 लोगों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की गई है।