दुर्ग जिले में नदी और नहर में डूबने की दो अलग-अलग घटनाएं हुईं

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले में नदी और नहर में डूबने की दो अलग-अलग घटनाएं हुईं। कुम्हारी थाना क्षेत्र की खारून नदी में डूबे 15 साल के राज गुप्ता का शव शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे मिला। वहीं, जामगांव आर थाना क्षेत्र की तांदुला नहर में बाइक समेत गिरे दुर्गेश ठाकुर की तलाश जारी है। दोनों घटनाओं में SDRF की टीम रेस्क्यू अभियान चला रही है।

राज गुप्ता 22 अक्टूबर को अपने दोस्त निलेश ठाकुर के साथ रायपुर से अकोला गांव के पास खारून नदी गए थे। नहाने के बाद दोनों नदी के बीच एक पक्षी पकड़ने के लिए पानी में उतरे। इस दौरान उन्हें पानी की गहराई और गड्ढे का अंदाजा नहीं लगा। राज गुप्ता गहरे पानी में डूबने लगे।

मौके पर मौजूद मछुआरों ने निलेश ठाकुर को बचा लिया, लेकिन राज को नहीं बचा सके। सूचना मिलने पर कुम्हारी पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। रात में तलाश के बावजूद किशोर का पता नहीं चल पाया।

सुबह 5:30 बजे दोबारा शुरू किया सर्च ऑपरेशन

शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे SDRF ने दोबारा सघन तलाशी अभियान शुरू किया। प्रशिक्षित गोताखोर चंद्रप्रताप जंघेल ने तेज बहाव के बीच डिप डाइविंग कर तलाश की। करीब सुबह 8 बजे राज गुप्ता का शव बरामद कर लिया गया।

इसके बाद शव को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए मौके पर मौजूद कुम्हारी थाना पुलिस और परिजनों के सुपुर्द किया गया।

रायपुर में रहकर काम कर रहे थे दोनों किशोर

मृतक की पहचान राज गुप्ता (15), पिता रिंकू गुप्ता, निवासी गोगांव, सीता नगर, रायपुर के रूप में हुई है। वहीं, बचाए गए किशोर की पहचान निलेश ठाकुर (15), पिता धर्मेंद्र ठाकुर के रूप में हुई है।

उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, दोनों किशोर मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे। वे काम के सिलसिले में रायपुर में रह रहे थे।

तांदुला नहर में बाइक समेत गिरा युवक

दूसरी घटना जामगांव आर थाना क्षेत्र की है। SDRF से मिली जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे गाड़ाडीह के पास गुढ़ियारी और कानाकोट के बीच स्थित तांदुला पुल पर बाइक सवार युवक की गाड़ी अनियंत्रित होकर पुल से टकरा गई। इसके बाद युवक बाइक समेत नहर में गिर गया।

घटना की सूचना मिलने पर SDRF की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की।

दुर्गेश ठाकुर की तलाश में जुटी SDRF

नहर में गिरे युवक की पहचान दुर्गेश ठाकुर, निवासी ग्राम तिलोदा, जिला बालोद के रूप में हुई है। SDRF की टीम नहर में सर्च ऑपरेशन चला रही है। जामगांव आर थाना पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद है।

फिलहाल दुर्गेश ठाकुर का पता नहीं चल पाया है। उनके पिता का नाम और उम्र की जानकारी भी उपलब्ध नहीं हो सकी है। रेस्क्यू अभियान जारी है।

Exit mobile version