महाराष्ट्र मंडल की 91वीं वर्षगांठ पर मराठी मेले की शुरुआत रंगारंग कार्यक्रमों के साथ हुई

Chhattisgarh Crimesमहाराष्ट्र मंडल की 91वीं वर्षगांठ पर मराठी मेले की शुरुआत रंगारंग कार्यक्रमों के साथ हुई। मंडल के महिला केंद्रों, सर्व मराठी समाज और अन्य समाजों की महिलाओं ने नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। मेले का उद्घाटन दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, नागपुर की निदेशक आस्था गोडबोले कार्लेकर और समाजसेवी भारती ठाकुर ने किया। विशेष अतिथि चांगदेव ज्ञानीराम भेंडारकर ने मेले के स्टॉलों का शुभारंभ किया।

मेले में अलग-अलग तरह के स्टॉल लोगों को पसंद आ रहे हैं। खाने-पीने के स्टॉल पर भी भीड़ लग रही है। मुख्य लॉबी में शेखर क्षीरसागर की टीम की बनाई रंगोली लोगों का पसंद आ रही है।

मुख्य अतिथि आस्था गोडबोले कार्लेकर ने कहा कि महाराष्ट्र मंडल को स्थानीय कलाकारों को आगे बढ़ाने और उन्हें अपनी कला दिखाने का मौका देने के लिए काम करना चाहिए। दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, नागपुर इस काम में मंडल का साथ देने के लिए तैयार है। इससे छत्तीसगढ़ के पंथी, करमा, राउत और सुआ जैसे लोकनृत्यों को देशभर में पहचान दिलाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि मंडल के सहयोग से स्थानीय कलाकारों को आगे बढ़ने के अच्छे अवसर मिल सकते हैं।

लोगों के सहयोग से बना 10 करोड़ का भवन

समाजसेवी भारती ठाकुर ने कहा कि मेहनत, लगन और मिलकर काम करने से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने इंदौर में स्वच्छता के लिए लोगों की कोशिशों का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र मंडल ने भी कम पैसों के बावजूद लोगों की मेहनत और साथ से 10 करोड़ रुपए का भवन बनाया है। देश के कई महाराष्ट्र मंडलों को देखने के बाद उन्हें रायपुर का महाराष्ट्र मंडल खास लगा।

गुरुकुल और गौशाला शुरू करने की योजना

विशेष अतिथि और पेस्ट कंट्रोल विशेषज्ञ चांगदेव ज्ञानीराम भेंडारकर ने घर की रसोई को कॉकरोच और चूहों से बचाने के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि बच्चों में मोबाइल का इस्तेमाल बढ़ रहा है, जिसे नियंत्रित करने की जरूरत है। महंगे मोबाइल पर ज्यादा खर्च करने के बजाय जीवन में काम आने वाली चीजों पर ध्यान देना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने की। उन्होंने मंडल के 91 साल के सफर और समाजसेवा के कामों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में मंडल गुरुकुल और गौशाला शुरू करने की योजना बना रहा है।

Exit mobile version