छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड के किसुनगढ़ गांव में खेत की खुदाई के दौरान नरकंकाल मिला

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड के किसुनगढ़ गांव में खेत की खुदाई के दौरान नरकंकाल मिला है। मजदूर गांव में वीजी राम जी योजना के तहत चल रहे काम के दौरान खुदाई कर रहे थे, तभी उन्हें जमीन में नर कंकाल दिखाई दिया।

कंकाल देखकर मजदूर घबरा गए और उन्होंने इसकी जानकारी गांव के लोगों को दी। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर देखा तो नर कंकाल मिलने की पुष्टि हुई। इसके बाद तत्काल पंडरिया पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने नर कंकाल के अवशेषों को अपने कब्जे में लेने की कार्रवाई की। मौके पर कंकाल के पास एक सड़ा-गला बैग और चप्पल भी मिले हैं।

पुलिस ने इन सभी चीजों को अपने कब्जे में ले लिया है। अब इनकी मदद से कंकाल की पहचान करने और मामले से जुड़े दूसरे सुराग जुटाने की कोशिश की जा रही है।

आसपास के थानों को भी दी गई सूचना

पुलिस के मुताबिक, किसुनगढ़ गांव के एक खेत में मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान नर कंकाल मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आसपास के थानों को भी इसकी जानकारी दे दी है।

इसके जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं आसपास के इलाके से कोई व्यक्ति लापता तो नहीं है। कंकाल के पास मिले बैग और चप्पल भी जांच में अहम सुराग साबित हो सकते हैं।

फॉरेंसिक टीम की ली जा रही मदद

पुलिस मामले की जांच में फॉरेंसिक टीम की भी मदद ले रही है। टीम की जांच से कंकाल कितना पुराना है, इसका पता लगाने की कोशिश की जाएगी। साथ ही घटनास्थल से मिले अवशेषों और अन्य सामान की जांच कर जरूरी जानकारी जुटाई जाएगी। फिलहाल कंकाल की पहचान और उसके वहां मिलने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। कंकाल की पहचान होने और जांच आगे बढ़ने के बाद ही इस मामले से जुड़ी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।