
बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत 6 लाख 67 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित, खड़गवां के कनिष्ठ अभियंता ने 15 अक्टूबर 2026 को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में बताया गया कि 4 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे से 5 अक्टूबर की सुबह 10:30 बजे के बीच ग्राम शिवपुर के खैरहिपारा में प्राथमिक स्कूल के पास लगा 16 केवीए का ट्रांसफार्मर चोरी हो गया था। अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत मिलने पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में चोरी करना स्वीकार किया
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर खड़गवां थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश कुमार जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर अर्जुन सिंह, लक्ष्मण सिंह और सुरेन्द्र पैकरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में तीनों आरोपियों ने ट्रांसफार्मर चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर ग्राम शिवपुर की नर्सरी से चोरी किए गए ट्रांसफार्मर का बाहरी ढांचा और निकाला गया तांबे का तार बरामद किया गया। बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 67 हजार रुपए बताई गई है।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
- अर्जुन सिंह (27 वर्ष): पिता अधीन सिंह, निवासी लकड़ापारा, थाना खड़गवां।
- लक्ष्मण सिंह (28 वर्ष): पिता हीरा सिंह, निवासी देवाड़ाड़ तुर्रापारा, थाना खड़गवां।
- सुरेन्द्र पैकरा (30 वर्ष): पिता अमरजीत पैकरा, निवासी रजौली, थाना सोनहत, जिला कोरिया।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पुलिस ने बताया कि मामले में पर्याप्त सबूत मिलने के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।