रायगढ़ जिले में मवेशी चराने जंगल गई नाबालिग को शादी का झांसा देकर युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह उसे अपने साथ ले गया और करीब 6 महीने तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। पीड़िता की मां की शिकायत पर लैलूंगा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, 17 वर्षीय पीड़िता की मां ने रविवार को थाने में शिकायत दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार, साल 2025 में किशोरी गांव के जंगल में बैल चराने गई थी। इसी दौरान पास के गांव के रहने वाले संजय यादव (19) ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
आरोप है कि युवक ने शादी कर पत्नी बनाकर रखने का वादा किया। किशोरी के नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद वह उसे अपने साथ घर ले गया और करीब 6 महीने तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
परिजनों की समझाइश का भी नहीं हुआ असर
शिकायत के मुताबिक, इस मामले की जानकारी मिलने पर पीड़िता के परिजनों ने आरोपी को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद पीड़िता की मां ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(उ) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की।
जन्म प्रमाण पत्र जब्त कर आरोपी को भेजा जेल
जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता की उम्र की पुष्टि के लिए उसका जन्म प्रमाण पत्र जब्त किया और चिकित्सकीय परीक्षण कराया। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसे गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।