चक्रवात ‘अर्नब’ के असर से छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में 28 और 29 अक्टूबर को भारी से अति भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना

Chhattisgarh Crimesचक्रवात ‘अर्नब’ के असर से छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में 28 और 29 अक्टूबर को भारी से अति भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लें और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें।

रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि, स्टेशन के लिए घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन के चलने की ताजा स्थिति जरूर पता कर लें। खराब मौसम के कारण सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है। ऐसे में पर्याप्त समय लेकर स्टेशन पहुंचें, ताकि यात्रा के दौरान परेशानी न हो।

रेलवे की सूचनाओं पर ध्यान दें

यात्रियों को ट्रेन संचालन से जुड़ी जानकारी देने के लिए स्टेशनों पर उद्घोषणा, सूचना बोर्ड और डिजिटल स्क्रीन का इस्तेमाल किया जा रहा है। रेलवे के आधिकारिक सोशल मीडिया माध्यमों से भी जरूरी सूचनाएं दी जाएंगी। ट्रेन रद्द होने, रास्ता बदलने या संचालन में बदलाव की जानकारी के लिए रेलवे के आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करें।

प्लेटफॉर्म और सीढ़ियों पर रहें सावधान

बारिश के कारण प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज और सीढ़ियों पर फिसलन हो सकती है। रेलवे ने यात्रियों से इन जगहों पर संभलकर चलने और रेलवे ट्रैक पार नहीं करने की अपील की है। यात्रियों को निर्धारित यात्री क्षेत्रों में रहने और रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करने कहा गया है।

मोबाइल चार्ज रखें, जरूरी सामान साथ रखें

रेलवे ने यात्रियों को मोबाइल फोन चार्ज रखने के साथ जरूरी दवाइयां, पीने का पानी और आपातकालीन संपर्क नंबर साथ रखने की सलाह दी है। रेलवे प्रशासन ने कहा है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें, ताकि यात्रा सुरक्षित बनी रहे।