
महिला की शिकायत पर तोरवा थाना पुलिस ने आरोपी अधिकारी के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला ने इससे पहले रेल मंत्री, राज्य महिला आयोग और सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत की थी।
पद का दुरुपयोग कर दबाव बनाने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, महिला प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से रेलवे के कंस्ट्रक्शन विभाग में काम करती है। महिला का आरोप है कि विभाग में पदस्थ अधिकारी अपने पद का दुरुपयोग कर उस पर यौन संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था। विरोध करने पर उसे नौकरी से निकालने की धमकी दी जा रही थी। इससे परेशान होकर महिला ने अधिकारी के खिलाफ शिकायत की।
महिला-बाल विकास विभाग को भी जांच के निर्देश
महिला ने कार्रवाई की मांग करते हुए रेल मंत्री, राज्य महिला आयोग और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत की थी। शिकायत के बाद मामले की जांच जिला महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी को सौंपने के निर्देश दिए गए थे। अब तोरवा पुलिस ने भी FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।