
गढ़चिरौली पुलिस को वांगेटुरी क्षेत्र के माचुवांचा गांव के जंगल में हथियार और विस्फोटक सामग्री छिपाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद विशेष अभियान दल की चार टुकड़ियों और बीडीडीएस की एक टुकड़ी को तलाशी के लिए रवाना किया गया। तलाशी के दौरान जंगल में छिपाकर रखी गई सामग्री बरामद हुई।
■ हथियार, विस्फोटक और माओवादी वर्दी जब्त:
पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, मौके से 12 क्लेमोर, 12 बोर की एक राइफल, तीन सिंगल शाट राइफलें, एक एयर गन, एक बोतल आइईडी विस्फोटक, एक जीवित क्लेमोर विस्फोटक, एक वायरलेस माइक सेट, हथियारों की सफाई में इस्तेमाल होने वाला लोहे का औजार, 100 सुतली बम और माओवादी वर्दी के पांच जोड़े कपड़े बरामद किए गए।
■ मौके पर ही नष्ट की गई माओवादी सामग्री:
पुलिस ने बताया कि जब्त माओवादी सामग्री को वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। अभियान में शामिल विशेष अभियान दल, स्थानीय पुलिस और बीडीडीएस के जवानों की भूमिका की पुलिस अधीक्षक एम रमेश ने सराहना की।