राजधानी रायपुर के आसमान में आज भारतीय वायुसेना के सारंग हेलीकॉप्टर उड़ते नजर आएंगे

Chhattisgarh Crimesराजधानी रायपुर के आसमान में आज भारतीय वायुसेना के सारंग हेलीकॉप्टर उड़ते नजर आएंगे। दोपहर 12:20 से 12:45 बजे के बीच हेलीकॉप्टर शहर के ऊपर से गुजरेंगे। शहरवासी अपने घरों की छतों से इनकी उड़ान देख सकेंगे।

राज्योत्सव के अवसर पर 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में सारंग टीम का एयर शो आयोजित किया जाएगा। इससे पहले 30 अक्टूबर को रायपुर शहर के आसमान में हेलीकॉप्टरों की उड़ान लोगों के लिए खास आकर्षण रहेगी।

भारतीय वायुसेना की सारंग टीम अपने शानदार हवाई करतब और हेलीकॉप्टरों के बीच सटीक तालमेल के लिए जानी जाती है। इस टीम में स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टर शामिल हैं। इनकी उड़ान वायुसेना के कौशल और तकनीकी क्षमता की झलक दिखाएगी।

2003 में हुआ था टीम का गठन

भारतीय वायुसेना की सारंग टीम का गठन साल 2003 में किया गया था। फरवरी 2004 में सिंगापुर के एशियन एयरोस्पेस एयर शो में टीम ने पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन किया था। इसके बाद सारंग टीम देश-विदेश के कई एयर शो में अपने हवाई करतब दिखा चुकी है।

इससे पहले गुरुवार को राज्यपाल रमेन डेका से लोक भवन में एयर कमोडोर-एयर ऑफिसर कमांडिंग, हेडक्वार्टर एंटी नक्सल टास्क फोर्स नंदा कुमार बाला ने मुलाकात की।

इस दौरान कैप्टन वैभव विशाल, जीपी कैप्टन अभिजीत कुमार, सीडीआर प्रियांशु, स्क्वाड्रन लीडर अंकिता सिंह, स्क्वाड्रन लीडर विनय पाठक, लेफ्टिनेंट शशांक और लेफ्टिनेंट साई अक्षय भी मौजूद रहे।

स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों से करती है प्रदर्शन

सारंग टीम में भारत में विकसित एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (ALH) ध्रुव का इस्तेमाल किया जाता है। इन हेलीकॉप्टरों के जरिए टीम समूह में उड़ान, तेज मोड़ और आपसी तालमेल के साथ कई हवाई करतब दिखाती है। हेलीकॉप्टरों पर मोर से प्रेरित रंग और डिजाइन भी सारंग टीम की खास पहचान हैं।

टीम में 5 हेलीकॉप्टर होते हैं

सारंग टीम में 5 हेलीकॉप्टर शामिल होते हैं। आमतौर पर 5 हेलीकॉप्टर हवाई करतब दिखाते हैं, जबकि पांचवें को बैकअप के रूप में रखा जाता है।

प्रदर्शन के दौरान हेलीकॉप्टर एक साथ उड़ान भरते हुए आसमान में अलग-अलग आकृतियां बनाते हैं। इस दौरान पायलटों को गति, दिशा और एक-दूसरे से दूरी का विशेष ध्यान रखना पड़ता है।

क्या-क्या करतब दिखाती है टीम?

सारंग टीम के प्रदर्शन का प्रमुख आकर्षण फॉर्मेशन फ्लाइंग होता है। इसमें कई हेलीकॉप्टर एक निश्चित दूरी बनाए रखते हुए आपसी तालमेल के साथ उड़ान भरते हैं।

इसके अलावा एक साथ दिशा बदलना, तेजी से ऊपर की ओर उड़ान भरना और आसमान में अलग-अलग आकृतियां बनाना जैसे करतब भी दिखाए जाते हैं। ये हवाई करतब दर्शकों के लिए खास आकर्षण होते हैं।