छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से कोलकाता के बीच 37 दिनों से बंद फ्लाइट को विंटर शेड्यूल में शामिल किया गया था

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बिलासपुर से कोलकाता के बीच 37 दिनों से बंद फ्लाइट को विंटर शेड्यूल में शामिल किया गया था। 25 अक्टूबर को इस फ्लाइट का दोबारा संचालन शुरू हुआ, लेकिन एक दिन बाद इसे फिर बंद कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, पहले दिन 36 यात्रियों ने सफर किया था। जबकि अगले दिन 42 यात्रियों की बुकिंग थी। इसके बावजूद फ्लाइट का संचालन नहीं हुआ, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

कम यात्री मिलने से पहले भी बंद हुई थी फ्लाइट

कोलकाता की उड़ान इससे पहले भी बंद की जा चुकी है। 12 अगस्त 2026 को सुबह की उड़ान का समय बदलकर दोपहर कर दिया गया था। उस समय सुबह की फ्लाइट में औसतन 45 से 50 यात्री सफर कर रहे थे।

इसके बाद 18 सितंबर को कम यात्री मिलने का हवाला देकर उड़ान बंद कर दी गई थी। तब इसे विंटर शेड्यूल में दोबारा शुरू करने की बात कही गई थी। इसके बाद 25 अक्टूबर को फ्लाइट शुरू हुई, लेकिन अगले ही दिन से इसका संचालन फिर बंद हो गया।

शहर के लोगों ने नाराजगी जताई

विंटर शेड्यूल में कोलकाता की फ्लाइट दोबारा शुरू करने के बाद बंद किए जाने पर शहर के लोगों ने नाराजगी जताई है। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने कहा कि बिलासपुर एयरपोर्ट और यहां के यात्रियों के साथ फ्लाइट सुविधा के नाम पर मजाक किया जा रहा है।

समिति का कहना है कि जब से उड़ान शुरू हुई है, तब से यात्री नहीं मिलने का बहाना बनाया जा रहा है, जबकि स्थिति अलग है। 42 यात्रियों की बुकिंग को कम नहीं कहा जा सकता। जब फ्लाइट दोबारा शुरू की गई और यात्रियों ने बुकिंग भी कराई, तो इसे नियमित चलाने के बजाय फिर बंद क्यों कर दिया गया।

Exit mobile version