अब रेल से पार्सल भेजने के लिए रेलवे स्टेशन जाने और वहां लंबी प्रक्रिया पूरी करने की जरूरत नहीं होगी

Chhattisgarh Crimesअब रेल से पार्सल भेजने के लिए रेलवे स्टेशन जाने और वहां लंबी प्रक्रिया पूरी करने की जरूरत नहीं होगी। रेलवे जल्द ही ‘रेल पार्सल ऐप-घर से घर तक’ सेवा शुरू करने जा रहा है। इसके जरिए लोग घर बैठे पार्सल की बुकिंग कर सकेंगे। लॉजिस्टिक्स कंपनी घर से पार्सल लेकर स्टेशन पहुंचाएगी।

रेलवे इसे ट्रेन से दूसरे शहर भेजेगा और वहां से संबंधित कंपनी पार्सल को दिए गए पते तक पहुंचाएगी। यानी बुकिंग से लेकर डिलीवरी तक की पूरी सुविधा एक ही ऐप पर मिलेगी।

यह ऐप एंड्रॉइड और आईओएस मोबाइल के साथ वेबसाइट पर भी उपलब्ध होगा। ग्राहक मोबाइल नंबर से पंजीकरण कर पार्सल का वजन, सामान का विवरण और भेजने, पाने की जगह की जानकारी दर्ज कर सकेंगे।

इसके बाद अपनी पसंद की डिलीवरी कंपनी चुन सकेंगे। शुरुआत में यह सुविधा दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, अहमदाबाद, हैदराबाद, बेंगलुरु और पुणे में शुरू होगी। बाद में इसे दूसरे शहरों में भी लागू किया जाएगा।

एक ही जगह होगा पूरा भुगतान

ऐप के जरिए रेल भाड़े के साथ घर से पार्सल उठाने और पते पर पहुंचाने का शुल्क भी एक साथ जमा किया जा सकेगा। भुगतान के लिए यूपीआई, डेबिट-क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग की सुविधा मिलेगी।

ग्राहक अपनी सुविधा के अनुसार घर से पार्सल उठाने और घर तक पहुंचाने की सेवा चुन सकेंगे। पैकिंग और सामान रखने जैसी अतिरिक्त सुविधाएं भी ली जा सकेंगी। ऐप पर पार्सल उठाने के लिए उपलब्ध समय भी देखा जा सकेगा।

Exit mobile version