मरवाही वनमंडल के गौरेला वन परिक्षेत्र में एक बीट गार्ड के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesमरवाही वनमंडल के गौरेला वन परिक्षेत्र में एक बीट गार्ड के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी वनकर्मी के साथ मारपीट करते और उसकी वर्दी फाड़ते हुए दिखाई दे रहा है।

जानकारी के मुताबिक, अंधियारखोर बीट के बीट गार्ड सूर्यकांत रात्रे को दर्री के रुद्र माझी ने क्षेत्र में पेड़ काटे जाने की सूचना दी थी। इस पर बीट गार्ड मौके पर जांच करने पहुंचे। जांच में पता चला कि जिस जमीन पर पेड़ काटे जाने की शिकायत की गई थी, वह राजस्व विभाग की जमीन है। इस पर उन्होंने शिकायतकर्ता रुद्र माझी को मामले की शिकायत एसडीएम से करने की सलाह दी।

बताया जा रहा है कि इस बात से नाराज होकर रुद्र माझी ने बीट गार्ड के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसने वनकर्मी की वर्दी भी फाड़ दी। किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज

बीट गार्ड की शिकायत पर गौरेला पुलिस ने आरोपी रुद्र माझी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, शासकीय काम में बाधा डालने, शासकीय कर्मचारी पर हमला करने और एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version