छत्तीसगढ़ आज अपना 26वां स्थापना दिवस मना रहा है

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ आज अपना 26वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस मौके पर आज से 3 दिवसीय राज्योत्सव शुरू हो रहा है। नवा रायपुर में होने वाले आयोजन में बॉलीवुड सितारों की प्रस्तुति और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इस बार की थीम ‘सशक्त नारी-युवा उड़ान’ रखी गई है। समारोह में 41 राज्य अलंकरण और पुरस्कार दिए जाएंगे।

राज्योत्सव में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इसके लिए प्रशासन ने 6 रास्तों से प्रवेश और 40 हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की है। सुरक्षा और सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। आयोजन स्थल पर लोगों की सुविधा के लिए 300 शौचालय बनाए गए हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अस्पताल और 25 एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है।

देश के अलग-अलग राज्यों से आए कारीगरों ने आयोजन स्थल को सजाया है। अलग-अलग विभागों की प्रदर्शनियों में सरकारी योजनाओं, उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजना को दिखाया जाएगा। 3 दिवसीय आयोजन के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया शामिल होंगे, जबकि समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल होंगे।

6 रास्तों से पहुंचेंगे लोग, 40 हजार वाहनों की पार्किंग

राज्योत्सव में भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने 6 अलग-अलग रूट तय किए हैं। करीब 40 हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। आयोजन के दौरान यातायात संभालना पुलिस और जिला प्रशासन के लिए अहम होगा।

वाहनों की पार्किंग से लेकर आयोजन स्थल तक लोगों की आवाजाही व्यवस्थित रखने की तैयारी की गई है। लोगों को दो प्रवेश द्वारों से आयोजन स्थल के अंदर लाया जाएगा। इससे भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।

Exit mobile version