
उन्होंने तिरंगा चौक पर शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और बकाया राशि जारी करने की मांग की।
सरपंचों का कहना है कि मनरेगा के करीब 30 करोड़ रुपए समेत पंचायतों की कई मदों की राशि महीनों से अटकी है। इससे पंचायतों के विकास कार्य और रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं।
कलेक्ट्रेट से तिरंगा चौक तक निकाली रैली
जिलेभर से पहुंचे सरपंच, उपसरपंच और पंच कलेक्ट्रेट परिसर में जुटे। यहां से रैली निकालकर सिविल लाइन होते हुए बस स्टैंड पहुंचे। इसके बाद सभी तिरंगा चौक पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी हाथों में कटोरा और अपनी मांगों से जुड़ी तख्तियां लेकर चल रहे थे।
सरपंचों ने कहा कि पंचायतों में विकास कार्य कराने के बाद भी भुगतान नहीं मिल रहा है। कई महीनों से राशि अटकी होने के कारण जनप्रतिनिधियों को आर्थिक परेशानी उठानी पड़ रही है। पंचायतों के कामकाज पर भी इसका असर पड़ रहा है।
8 महीने से नहीं मिली मनरेगा की राशि
सरपंच संघ ने ज्ञापन में बताया कि जिले की ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत करीब 30 करोड़ रुपए के काम कराए जा चुके हैं, लेकिन मजदूरी और निर्माण सामग्री का भुगतान करीब 8 महीने से नहीं हुआ है।
इसके अलावा मूलभूत सुविधाओं और 16वें वित्त आयोग की राशि भी पंचायतों को नहीं मिली है। कई निर्माण कार्यों का मूल्यांकन और सत्यापन पूरा होने के बाद भी 5 से 6 महीने से भुगतान अटका हुआ है। उपसरपंचों और पंचों का मानदेय भी बाकी है।
दीपावली से पहले भुगतान की मांग
सरपंच संघ ने मनरेगा की मजदूरी और सामग्री का पैसा जल्द जारी करने की मांग की है। इसके साथ ही मूलभूत और 16वें वित्त आयोग की राशि देने, पंचायत कर्मचारियों का भुगतान करने और उपसरपंचों-पंचों का बकाया मानदेय जारी करने की मांग उठाई है।
संघ ने कहा कि जिन निर्माण कार्यों का मूल्यांकन और सत्यापन पूरा हो चुका है, उनका भुगतान भी जल्द किया जाए। इसके अलावा लंबे समय से अटकी फाइलों का जल्द निराकरण किया जाए। हाल ही में बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कर प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग भी की गई।
मांगें नहीं मानी तो घेराव और चक्काजाम की चेतावनी
सरपंच संघ ने चेतावनी दी है कि दीपावली से पहले बकाया राशि जारी नहीं की गई और मांगों का समाधान नहीं हुआ तो आगे आंदोलन किया जाएगा। इसके तहत घेराव और चक्काजाम जैसे प्रदर्शन किए जा सकते हैं।
इस संबंध में संघ ने मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री, कलेक्टर और जिला पंचायत के सीईओ के नाम ज्ञापन सौंपा है।
प्रदर्शन में जिला सरपंच संघ के अध्यक्ष हरीश साहू, संरक्षक पन्ना लाल ध्रुव, कार्यकारी अध्यक्ष कोमल देव ध्रुव, कोषाध्यक्ष हलमन ध्रुवा, सचिव पवन सिंह यादव सहित जिलेभर के सरपंच, उपसरपंच और पंच शामिल हुए।