छत्तीसगढ़ के बीजापुर के भोपालपट्टनम ब्लॉक के रायगुड़ा गांव के जंगल में मुर्गा लड़ाई की आड़ में जुआ खेल रहे 156 लोगों को पुलिस ने पकड़ा

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बीजापुर के भोपालपट्टनम ब्लॉक के रायगुड़ा गांव के जंगल में मुर्गा लड़ाई की आड़ में जुआ खेल रहे 156 लोगों को पुलिस ने पकड़ा है। छत्तीसगढ़ के अलावा तेलंगाना और आंध्रप्रदेश से भी लोग जुआ खेलने पहुंचे थे।

सूचना पर पुलिस ने जंगल में घेराबंदी कर जुआ फड़ पर छापा मारा और मौके से 20 लाख 1 हजार 200 रुपए नकद, 47 चारपहिया वाहन और 12 मोबाइल जब्त किए हैं।

इस कार्रवाई में सभी के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। यह मामला भद्राकाली थाना क्षेत्र का है।

अब जानिए पूरा मामला

पुलिस के मुताबिक, रायगुड़ा के जंगल में लंबे समय से मुर्गा लड़ाई के नाम पर जुआ खेलने की सूचना मिल रही थी। यहां बड़ी संख्या में लोग जुट रहे थे। जुआ खेलने के लिए तेलंगाना और आंध्रप्रदेश से भी लोग पहुंच रहे थे। इस कारण यहां बड़े स्तर पर जुआ फड़ संचालित होने की जानकारी सामने आई थी।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मारा छापा

मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम बनाई गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 3 नवंबर मंगलवार को प्लानिंग के तहत जंगल में चल रहे जुआ फड़ की घेराबंदी की और छापा मारा। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, पुलिस ने घेराबंदी कर 156 लोगों को पकड़ लिया। इनमें तेलंगाना और आंध्रप्रदेश से आए लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं।

20 लाख से ज्यादा नकद, 47 गाड़ियां और 12 मोबाइल जब्त

पुलिस ने मौके की तलाशी ली तो वहां से 20 लाख 1 हजार 200 रुपए नकद मिले। इसके अलावा जुआ खेलने पहुंचे लोगों के 47 चारपहिया वाहन और 12 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

156 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने सभी 156 लोगों के खिलाफ भद्राकाली थाने में अपराध क्रमांक 06/2026 दर्ज किया है। इनके खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) और सार्वजनिक द्यूत अधिनियम की धारा 4 व 13 के तहत कार्रवाई की गई है।

एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता ने भी कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने के बाद टीम बनाकर दबिश दी गई थी। मौके से नकदी बरामद हुई है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version