
बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी बीती रात गांजे के पैकेट सुनसान जगह पर फेंककर भाग निकले थे। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लावारिस हालत में मिले 70 पैकेट गांजे को जब्त किया। पुलिस बरामद गांजे की कीमत का आकलन कर रही है।
कांकेर एसडीओपी हरीश पाटिल ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों की जांच करते हुए गांजा बरामद किया है। तस्करों की गिरफ्तारी के लिए टीम जुटी हुई है। उनके मुताबिक, तस्करी में इस्तेमाल की गई दो गाड़ियों की पहचान कर ली गई है और एक कार ड्राइवर को भी चिह्नित किया गया है।
केशकाल पुलिस कर रही थी पीछा
पुलिस के अनुसार, तस्कर ओडिशा से विश्रामपुरी के रास्ते केशकाल होते हुए कांकेर पहुंचे थे। गांजा तस्करी की सूचना केशकाल पुलिस को पहले से थी और उसकी टीम तस्करों का पीछा कर रही थी। केशकाल पुलिस ने कांकेर पुलिस को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद कांकेर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की।
बताया जा रहा है कि तस्करों को पुलिस की घेराबंदी की भनक लग गई। इसके बाद वे सुनसान जगह देखकर गांजे के पैकेट फेंककर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस गाड़ियों और चालक की पहचान के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।