महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के को-प्रमोटर रवि उप्पल को UAE में गिरफ्तार किया गया

Chhattisgarh Crimesमहादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के को-प्रमोटर रवि उप्पल को UAE में गिरफ्तार किया गया है। भारतीय जांच एजेंसियों के अनुरोध पर इंटरपोल की ओर से जारी रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर संयुक्त अरब अमीरात के अधिकारियों ने यह कार्रवाई की।

हालांकि, भारतीय जांच एजेंसियों को अभी तक गिरफ्तारी की आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। एजेंसियां UAE के अधिकारियों से गिरफ्तारी की पुष्टि कराने और रवि उप्पल को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर रही हैं।

यह गिरफ्तारी महादेव ऐप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाए जाने के तीन दिन बाद हुई है। CBI ने 1 नवंबर को ओमान की अदालत के आदेश के बाद सौरभ चंद्राकर को भारत लाया था। वहीं, ED उसके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के मामले की जांच कर रहा है।

करोड़ों के हवाला लेनदेन संभालता था रवि उप्पल

जांच एजेंसियों के मुताबिक, रवि उप्पल महादेव सट्टा ऐप के नेटवर्क में अहम भूमिका निभाता था। वह करोड़ों रुपए के हवाला लेनदेन संभालता था। छत्तीसगढ़ में नेताओं और अफसरों से संपर्क बनाए रखने की जिम्मेदारी भी उसी के पास थी।

अधिकारियों के मुताबिक, रवि उप्पल की उम्र 46 साल है। उसे 2023 में भी UAE के अधिकारियों ने हिरासत में लिया था। हालांकि, बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया था।

इसके बाद उसके प्रशांत महासागर के द्वीपीय देश वानुअतु जाने और वहां की नागरिकता हासिल करने की जानकारी सामने आई थी।

Exit mobile version