
अब गुरुवार को राजनांदगांव जिला कार्यालय परिसर स्थित जिला शहरी विकास अभिकरण (DUDA) की चल संपत्तियां भी कुर्क की जाएंगी। दैनिक भास्कर डिजिटल ने मंगलवार को ही इस कार्रवाई की आशंका जताते हुए खबर प्रकाशित की थी।
13.60 लाख रुपए की वसूली के लिए जारी हुआ वारंट
यह कार्रवाई ‘सिंध एजेंसी प्रोप्राइटर’ और नगर पंचायत डोंगरगांव, जिला शहरी विकास अभिकरण समेत अन्य के बीच बकाया राशि के मामले में की जा रही है।
एजेंसी की बकाया राशि 13 लाख 60 हजार 406 रुपए 71 पैसे नहीं चुकाने पर तृतीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश, राजनांदगांव ने कुर्की वारंट जारी किया था। यह मामला सिविल एक्सई/19/2025 के रूप में दर्ज है।
फायर ब्रिगेड, ट्रैक्टर और क्रेन जब्त
बुधवार को कोर्ट की टीम गवाहों के साथ डोंगरगांव नगर पंचायत परिसर पहुंची। यहां से फायर ब्रिगेड (CG 08 L 3482), टैंकर और ट्रॉली सहित ट्रैक्टर, क्रेन, वैक्यूम मशीन, 3 हॉर्स गाड़ी और 3 एसी जब्त किए गए। जब्त किए गए सभी सामान को फिलहाल नगर पंचायत परिसर में ही रखा गया है।
गुरुवार को DUDA कार्यालय में होगी कुर्की
कोर्ट के कुर्की वारंट और जब्त की जाने वाली संपत्तियों की सूची के मुताबिक, गुरुवार को राजनांदगांव जिला कलेक्टरेट परिसर स्थित DUDA कार्यालय में भी कार्रवाई होगी। यहां रखी चल संपत्तियों को कुर्क किया जाएगा।
बुधवार को नगर पंचायत में हुई कार्रवाई के बाद अब गुरुवार को DUDA कार्यालय में कुर्की की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।