छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश होने की संभावना

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2 से 3 दिनों में मानसून पूरे छत्तीसगढ़ को कवर कर लेगा, जिससे कई जगहों पर तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है।

आज (सोमवार) भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम और कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अनुमान है। इस बीच रविवार को राजनांदगांव में सबसे ज्यादा 40 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में सबसे कम 23.6 डिग्री तापमान रहा।

इधर, बेमेतरा जिले के राऊरपुर गांव में शनिवार रात भर हुई भारी बारिश के कारण रविवार सुबह एक कच्चे मकान की दीवार ढह गई। इस हादसे में घर के आंगन में खेल रही दो सगी बहनें वंशिका कोसले (12) और राधिका कोसले (9) मलबे में दब गईं, जिससे दोनों की मौत हो गई। हादसे में एक महिला भी घायल हुई है।

वहीं, सुकमा जिले के कुकानार गांव में बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई, 4 अन्य घायल हैं। सभी युवक खेत में काम करने के बाद बारिश से बचने के लिए इमली के पेड़ के नीचे बैठे थे। तभी दोपहर 3 बजे आंधी के साथ बिजली गिरी। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अजय नाग (18) ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।