
घटना बतौली थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम मानपुर निवासी नान्हू (30), जयप्रकाश (35) और अकलसाय (25) एक ही बाइक पर सवार होकर पत्थलगांव थाना क्षेत्र के कापू गांव दशकर्म की सूचना देने गए थे। देर शाम तीनों अपने गांव लौट रहे थे। रात करीब 8:30 बजे शांतिपारा और बतौली के बीच लालमाटी घाट पहुंचे, तभी हादसा हो गया।
लालमाटी घाट में तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिर पड़े। उसी समय अंबिकापुर से सीतापुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने नान्हू और जयप्रकाश के सिर को कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चला रहे अकलसाय सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद हाईवे पर लगा जाम
हादसे के बाद नेशनल हाईवे-43 पर जाम की स्थिति बन गई। दोनों युवकों के शव सड़क पर पड़े रहे। सूचना मिलते ही सीतापुर एसडीओपी राजेंद्र मंडावी और बतौली पुलिस मौके पर पहुंचे।डायल-112 की टीम ने ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों और घायल अकलसाय को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल अकलसाय को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हेलमेट पहनने से बच गई जान
हादसे के समय बाइक चला रहे अकलसाय ने हेलमेट पहन रखा था। सड़क पर गिरने के बावजूद उनके सिर में गंभीर चोट नहीं आई। पीछे बैठे नान्हू और जयप्रकाश के सिर ट्रक के पहिए के नीचे आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
दशकर्म की सूचना देने गए थे रिश्तेदारों के घर
रिश्तेदारों ने बताया कि तीनों अपनी बड़ी मां के निधन के बाद आयोजित दशकर्म कार्यक्रम की सूचना देने रिश्तेदारों के घर कापू गए थे। हादसे के बाद पिकअप और ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी नहीं होने से जांच में मुश्किल
जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। इसी वजह से फरार वाहनों की पहचान नहीं हो सकी है। इससे पहले शांतिपारा स्थित नेशनल हाईवे-43 पर भाजपा बूथ अध्यक्ष सूरज दास की भी अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो चुकी है।
उस मामले में भी वाहन का अब तक पता नहीं चल पाया है। करीब एक साल पहले बासेन झुरीतालाब के पास दो छात्रों को कुचलने वाले अज्ञात ट्रक का भी अब तक पता नहीं चल सका है।