बिलासपुर पुलिस ने मध्यप्रदेश के बकरा चोर गिरोह का खुलासा किया

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर पुलिस ने मध्यप्रदेश के बकरा चोर गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के सदस्य पहले गांवों में पहुंचकर रेकी करते थे, फिर मौका मिलते ही बकरा-बकरियां चोरी कर स्कॉर्पिय में भरकर फरार हो जाते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो और 1.50 लाख रुपए कैश बरामद किए हैं।

जानकारी के मुताबिक ग्राम चकराभाठा निवासी समन सिंह पैकरा ने 21 जून को रतनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 19 जून की रात रोज की तरह अपने 4 बकरे और 15 बकरियों को चराकर घर लाने के बाद बकरी कोठा में बंद कर दिया था। अगले दिन सुबह देखा तो कोठा की ईंट की दीवार टूटी हुई थी और सभी 19 बकरा-बकरियां गायब थीं।

इसके अलावा चकराभाठा, बिल्हा और रतनपुर क्षेत्र में लगातार बकरी चोरी की वारदातें सामने आ रही थी। इसके बाद रतनपुर पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम आरोपियों की तलाश में जुटी। जांच के दौरान कुछ संदिग्धों से पूछताछ में मध्य प्रदेश के इस गिरोह का खुलासा हुआ।

खेत लेवलिंग के बहाने करते थे रेकी

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मध्यप्रदेश से स्कॉर्पियो में गांवों में पहुंचते थे और खेत समतलीकरण (लेवलिंग) का काम मांगने के बहाने घूमते थे। इसी दौरान वे बकरा-बकरी पालने वाले घरों की पहचान कर रेकी करते थे। मौका मिलने पर रात में सुनसान स्थानों और घरों में बने कोठों को निशाना बनाकर बकरा-बकरियां चोरी कर स्कॉर्पियो में भरकर फरार हो जाते थे।

1.75 लाख रुपए में बेची थीं चोरी की बकरियां

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चकराभाठा से चोरी की गई 19 बकरा-बकरियों को उन्होंने 1.75 लाख रुपए में बेच दिया था। इसमें से 25 हजार रुपए खर्च हो चुके थे, जबकि बाकी 1.50 लाख रुपए पुलिस ने बरामद कर लिए। चोरी में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली गई है।

मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के गोरा बाजार, उमरिया निवासी बबलू खान (57), अमूर खान (66), अमीन खान (41), हबीम खान (35), शाहरूख खान (22) और उत्तरप्रदेश के अमरोहा जिले के रजकपुर निवासी मोहम्मद अच्छन (33) को गिरफ्तार किया है।